Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City News : कांग्रेस विधायक दल की बैठक, मानसून सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति, इन मुद्दों पर होगा जोर...

विपक्ष ने सरकार को खाद-बीज की कमी, रेत खनन, कानून व्यवस्था, निजीकरण, नकली शराब और फर्जी धान खरीदी जैसे मुद्दों पर घेरने का प्लान बनाया।

Raipur City News : कांग्रेस विधायक दल की बैठक, मानसून सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति, इन मुद्दों पर होगा जोर...
X

Raipur City News : रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र से पहले रविवार को कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक राजीव भवन में संपन्न हुई। करीब दो घंटे तक चली इस बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने की। बैठक में 14 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र के लिए रणनीति तैयार की गई, जिसमें विपक्ष ने सरकार को खाद-बीज की कमी, रेत खनन, कानून व्यवस्था, निजीकरण, नकली शराब और फर्जी धान खरीदी जैसे मुद्दों पर घेरने का प्लान बनाया।

डॉ. महंत ने कहा कि इस बार सत्र में सभी विधायकों ने अधिकतम प्रश्न दर्ज किए हैं और हर दिन पूरी आक्रामकता के साथ सरकार को जवाबदेह ठहराया जाएगा। डॉ. महंत ने बताया कि इस बार विधानसभा सत्र की अवधि कम होने के बावजूद कांग्रेस विधायक जनता के मुद्दों को जोर-शोर से उठाएंगे। उन्होंने कहा, “हमारे विधायक अलग-अलग मुद्दों पर पूरी तैयारी के साथ आए हैं। खाद और बीज की कमी को लेकर कल ही ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया जाएगा।

इसके अलावा रेत खनन, कानून व्यवस्था, निजीकरण, पेड़ कटाई और नकली शराब जैसे गंभीर मुद्दों पर स्थगन प्रस्ताव लाने का प्रयास होगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि निर्मित जलाशयों पर अशासकीय संकल्प लाया जाएगा और फर्जी धान खरीदी के मामले में भी विपक्ष मुखर रहेगा। नेता प्रतिपक्ष ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “डेढ़ साल में यह सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। आपराधिक मामले बढ़ रहे हैं, किसानों और आदिवासियों के साथ अन्याय हो रहा है।

सरकार कई अनियमितताओं से घिरी हुई है।” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरे सत्र में आक्रामक रुख अपनाएगी और जनता की आवाज को विधानसभा में बुलंद करेगी। बैठक में विधायकों ने विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव रखे, और यह तय किया गया कि हर दिन अलग-अलग मुद्दों पर सवाल उठाए जाएंगे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire