Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Raipur City Crime : अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, झोलाछाप डॉक्टर निकला बुजुर्ग दंपत्ति की हत्यारा, जानें क्या है वजह...

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू, दोपहिया वाहन व अन्य सामग्री जब्त की है।

Raipur City Crime : अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, झोलाछाप डॉक्टर निकला बुजुर्ग दंपत्ति की हत्यारा, जानें क्या है वजह...
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर क्षेत्र के ग्राम बिरोदा में हुए सनसनीखेज दंपत्ति हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या का आरोपी गांव का ही झोलाछाप डॉक्टर राकेश कुमार बारले 30 वर्ष निकला, जिसने पति-पत्नी भुखन ध्रुव और रूखमणी ध्रुव की चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू, दोपहिया वाहन व अन्य सामग्री जब्त की है।

बता दें कि 16 जुलाई 2025 को ग्राम बिरोदा निवासी ईश्वर साहू ने अभनपुर थाने में शिकायत दर्ज की कि भुखन ध्रुव और उनकी पत्नी रूखमणी ध्रुव अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। भुखन खाट पर और रूखमणी शयन कक्ष के दरवाजे के पास लहूलुहान हालत में थे। दोनों के गले और छाती पर धारदार हथियार से गहरे घाव थे, जिससे प्रतीत होता था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी हत्या की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और अभनपुर थाना पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड की मदद ली, और 200 से अधिक लोगों से पूछताछ की। सैकड़ों मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि घटना के दिन शाम 6 बजे के आसपास एक डॉक्टर को मृतक दंपत्ति के घर से निकलते देखा गया था। इस आधार पर पुलिस ने धमतरी के ग्राम कोड़ापारा निवासी राकेश कुमार बारले को चिह्नित कर हिरासत में लिया।

शुरुआत में राकेश ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर कड़ी पूछताछ में उसने हत्या का अपराध कबूल कर लिया। राकेश ने बताया कि वह झोलाछाप डॉक्टर है और ग्राम बिरोदा में पिछले दो साल से ‘आर.के. मेडिकल’ नाम से दवा दुकान चलाता है। लगभग एक महीने पहले रूखमणी ध्रुव उसके पास हाथ के दर्द का इलाज कराने आई थी। इलाज के बावजूद दर्द ठीक नहीं हुआ, जिसके कारण रूखमणी ने उस पर अधिक पैसे लेने और बेवकूफ बनाने का आरोप लगाया। वह राकेश को ताने मारती थी और गांव में उसकी बुराई करती थी।

इसके अलावा, राकेश ने भुखन ध्रुव की जमीन का सौदा रायपुर के एक व्यक्ति से कराया था और 10,000 रुपये बयाना लिया था। लेकिन भुखन ने बाद में जमीन बेचने से इनकार कर दिया और बयाना भी वापस नहीं किया, जिससे राकेश परेशान था। घटना के दिन भुखन ने राकेश को बीपी चेक करने और इलाज के लिए अपने घर बुलाया। रूखमणी ने राकेश को देखते ही फिर से ताने मारे और कहा कि उसे इलाज करना नहीं आता। गुस्से में राकेश ने पहले भुखन को खाट पर लेटे हुए चाकू से गले और छाती पर वार किया। जब रूखमणी गर्म पानी लेकर आई, तो उसने उसकी भी चाकू से हत्या कर दी।

हत्या के बाद राकेश अपने घर कोड़ापारा गया, जहां उसने कपड़े बदले और हत्या में प्रयुक्त चाकू, कपड़े और जूते अभनपुर के एक नाले में फेंक दिए। शक से बचने के लिए वह वापस अपनी दवा दुकान पर लौट आया और लोगों का इलाज करने लगा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, दोपहिया वाहन और अन्य सामग्री बरामद कर ली है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire