Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

रायपुर में सनसनीखेज मर्डर, पेट्रोल पंप कर्मचारी की बेरहमी से हत्या

इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रायपुर में सनसनीखेज मर्डर, पेट्रोल पंप कर्मचारी की बेरहमी से हत्या
X

Raipur City Crime : रायपुर। मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 53 पर ग्राम उमरिया में स्थित एक एचपी पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारी की अज्ञात हमलावर ने चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान गुजरा गांव निवासी योगेश मिरी 25 वर्ष के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 17 जुलाई की तड़के 3 से 3.30 बजे के बीच घटी। योगेश मिरी रात की पाली में पेट्रोल पंप पर ड्यूटी कर रहे थे, जब अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया और उनका गला रेत दिया। घटना की सूचना मिलते ही मंदिरहसौद थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में हत्या में चाकू का उपयोग होने की पुष्टि हुई है, लेकिन हत्या के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। फॉरेंसिक टीम ने पेट्रोल पंप के आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की और संदिग्ध वस्तुओं को जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि योगेश के सहकर्मियों और परिवारजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

लूट या निजी रंजिश? जांच में कई पहलू-

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या लूट के इरादे से की गई या इसके पीछे कोई निजी रंजिश थी। पेट्रोल पंप पर रात के समय नकदी होने के कारण लूट की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि योगेश का किसी से कोई विवाद नहीं था, और वह एक शांत स्वभाव का व्यक्ति था। पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire