Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City Crime : 10 घंटे में ज्वेलरी चोरी का खुलासा, 300 CCTV खंगालकर पुलिस ने नाबालिग चोर को दबोचा

पूछताछ में आरोपी ने मंदिर हसौद और अभनपुर क्षेत्र में भी ज्वेलर्स दुकानों को निशाना बनाने की बात कबूल की है।

Raipur City Crime : 10 घंटे में ज्वेलरी चोरी का खुलासा, 300 CCTV खंगालकर पुलिस ने नाबालिग चोर को दबोचा
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में ज्वेलरी शॉप में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। खम्हारडीह स्थित “लक्ष्य ज्वेलर्स” में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस ने विधि के साथ संघर्षरत एक नाबालिग को पकड़ लिया है। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर हसौद और अभनपुर क्षेत्र में भी ज्वेलर्स दुकानों को निशाना बनाने की बात कबूल की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए Dr. Sanjeev Shukla के निर्देश पर 40 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने लोकल इंटेलिजेंस, तकनीकी विश्लेषण और 300 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके अलावा 50 से अधिक पुराने चोरी और नकबजनी के आरोपियों से भी पूछताछ की गई।

जानकारी के मुताबिक, लोधीपारा चौक स्थित “लक्ष्य ज्वेलर्स” के संचालक वंश कुमार मुरपानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद 11 मई की सुबह दुकान का ताला टूटा मिला। अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और बिस्किट गायब थे। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था।

जांच के दौरान पुलिस ने 10 घंटे के भीतर एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि मंदिर हसौद स्थित “हर्ष ज्वेलर्स” में भी उन्होंने चोरी की थी, जबकि अभनपुर क्षेत्र में एक अन्य ज्वेलर्स दुकान में चोरी का प्रयास किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। फिलहाल मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद राजधानी और आसपास हुई अन्य बड़ी चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire