Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City Crime : बहन से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच तेज कर दी है।

Raipur City Crime : बहन से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। पलौद गांव में हुए खूनी विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तोषक भारती के रूप में हुई है। उसकी मां सरस्वती भारती ने मंदिरहसौद थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 29 मई की रात करीब 9 बजे गांव के करण ध्रुव और विधि से संघर्षरत एक बालक ने उनके बेटे पर हमला किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक को अपनी बहन और आरोपी पक्ष के एक बालक के बीच बातचीत को लेकर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव चल रहा था। घटना वाली रात कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान चाकू से हमला कर तोषक भारती को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल आरंग पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में मंदिरहसौद थाना पुलिस ने आरोपी करण ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इधर, युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश भड़क उठा। जानकारी के अनुसार कुछ अज्ञात लोगों ने आरोपी पक्ष के घर और एक पुरानी स्कूटी में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। इस घटना को लेकर भी पुलिस अलग से मामला दर्ज कर जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire