Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Raipur City Crime : 38 लाख की विदेशी मुद्रा चोरी मामले में कंपनी कर्मचारी सहित 2 गिरफ्तार...

इस घटना का मास्टरमाइंड कंपनी में कार्यरत कर्मचारी साहिल गोधवानी निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व नियोजित तरीके से इस चोरी को अंजाम दिया।

Raipur City Crime : 38 लाख की विदेशी मुद्रा चोरी मामले में कंपनी कर्मचारी सहित 2 गिरफ्तार...
X

Raipur City Crime : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में विदेशी मुद्रा चोरी के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी की गई 20 हजार अमेरिकी डॉलर (लगभग 17.30 लाख रुपये) की राशि को बी.के. ट्रांसपोर्ट, पंडरी बस स्टैंड से चुराया गया था। इस घटना का मास्टरमाइंड कंपनी में कार्यरत कर्मचारी साहिल गोधवानी निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व नियोजित तरीके से इस चोरी को अंजाम दिया।

बता दें कि देवेंद्र नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जिसमें पुलिस उप महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) अजय कुमार शामिल थे, के निर्देश पर जांच शुरू की गई।

कैसे हुआ खुलासा?

प्रार्थी सतीश जादवानी, जो जादवानी फॉरेक्स प्रा. लि. के हेड डायरेक्टर हैं, ने देवेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज की कि उनकी कंपनी, जो भारतीय रिजर्व बैंक से पंजीकृत है, से 3 जून 2025 को 20 हजार डॉलर (100 डॉलर के 200 नोट) का एक पार्सल नागपुर शाखा के लिए बी.के. ट्रेवल्स, पंडरी बस स्टैंड को भेजा गया था। कर्मचारी अमोद गुप्ता ने यह पार्सल रात 8.30 बजे जमा किया, लेकिन अगले दिन 4 जून को नागपुर शाखा के कर्मचारी खिलेश साहू ने बताया कि पार्सल में डॉलर नहीं थे, बल्कि वह बदल दिया गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान साहिल गोधवानी पर संदेह गहराया, जो बार-बार अपने बयान बदल रहा था। कड़ी पूछताछ में साहिल ने अपने दोस्तों नूरूल हुसैन और आयरिश जुनैद के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाना स्वीकार किया।

चोरी का तरीका और मास्टरमाइंड-

साहिल गोधवानी, जो कंपनी में टूर और पैकेज का काम देखता था, को कंपनी के पार्सल और उनकी सामग्री की पूरी जानकारी थी। उसे पता था कि 20 हजार डॉलर का पार्सल बी.के. ट्रांसपोर्ट के जरिए नागपुर भेजा जा रहा है। साहिल ने नूरूल और आयरिश के साथ मिलकर योजना बनाई। आयरिश ने बी.के. ट्रेवल्स में जाकर असली पार्सल को नकली पार्सल से बदल दिया और डॉलर चुरा लिए। साहिल ने कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की लालच में इस घटना को अंजाम दिया।

जब्त सामग्री और गिरफ्तारी-

पुलिस ने साहिल गोधवानी (22) और आयरिश जुनैद (22), दोनों मोवा, रायपुर के निवासियों, को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी के 20 हजार डॉलर (17.30 लाख रुपये), 4 मोबाइल फोन, और घटना में इस्तेमाल किया गया हेक्टर वाहन (क्रमांक सीजी 04 एनएल 9069) जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 38 लाख रुपये आंकी गई है। तीसरा आरोपी नूरूल हुसैन अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire