Raipur Accident : ट्रक ने साइकिल सवार बालक को रौंदा, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम...
गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और शव को उठाने से रोक दिया।

Raipur Accident : धरसींवा। रायपुर-बिलासपुर हाईवे की सांकरा-सिमगा सिक्स लेन सर्विस रोड पर एक बार फिर दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सांकरा निवासी कांता बाई के 12 वर्षीय बेटे को तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने टाटीबंध ब्रिज के पास सर्विस रोड पर रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने स्थानीय लोगों में आक्रोश की लहर दौड़ा दी, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और शव को उठाने से रोक दिया।
बता दें कि जिस समय यह हादसा हुआ, सांकरा के ग्रामीण करीब एक किलोमीटर दूर सांकरा चौक पर सुबह से अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। हाईवे पर भारी वाहनों की बेतरतीब आवाजाही और अंडरब्रिज की कमी को लेकर उनकी यह मांग लंबे समय से अनसुनी थी। हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क जाम कर दी। मृतक बालक सांकरा का होने के कारण बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने शव को उठाने से रोक दिया।
मृत बालक की मां कांता बाई अपने बच्चे के शव के पास मेरा बच्चा मुझे ला दो कहकर रोती-बिलखती रही, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने सांसद, विधायक, एनएचएआई अधिकारियों और कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग की, साथ ही अंडरब्रिज निर्माण की मांग को और तेज कर दिया। घटनास्थल पर भारी गहमागहमी के बीच तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे, सीएसपी पूर्णिमा लामा, धरसींवा टीआई राजेंद्र दीवान, उरला टीआई बी.एल. चंद्राकर, खमतराई टीआई, सिलतरा चौकी प्रभारी बालेश्वर लहरे और आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित भीड़ अपनी मांगों पर अड़ी रही। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और हाइवा ट्रक को कब्जे में लिया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए तत्काल अंडरब्रिज निर्माण शुरू किया जाए।


