Breaking News
:

Raghav Chadha : आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा के डिप्टी लीडर पद से हटाया, अशोक मित्तल लेंगे जगह

Raghav Chadha

Raghav Chadha : नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा को राज्यसभा के डिप्टी लीडर (उपनेता) के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब पंजाब से राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को इस संबंध में औपचारिक पत्र लिखकर जानकारी दे दी है।


Raghav Chadha : राघव चड्ढा को बोलने का समय भी नहीं देने का निर्देश

सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने पत्र में एक और सख्त निर्देश दिया है कि राघव चड्ढा को उच्च सदन में बोलने के लिए पार्टी के निर्धारित कोटे से समय न दिया जाए। वर्तमान में राज्यसभा में AAP के कुल 10 सांसद हैं, जिनमें से 7 पंजाब और 3 दिल्ली से हैं। पिछले कुछ समय से राघव चड्ढा की भाजपा से कथित नजदीकियों को लेकर काफी चर्चा हो रही थी। हालांकि, AAP के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने इन अटकलों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि राघव चड्ढा भाजपा में शामिल होने वाले हैं।


Raghav Chadha : सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बढ़ी तो उठी अटकलें

राघव चड्ढा के भाजपा में शामिल होने की अटकलों को तब और बल मिला जब दिल्ली आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल की रिहाई के बाद भी चड्ढा पार्टी कार्यालय, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया से नदारद रहे। इस बड़ी जीत पर उन्होंने कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी थी। संजय सिंह ने स्वीकार किया कि पिछले कुछ महीनों में सार्वजनिक मंचों पर राघव चड्ढा की सक्रियता और उपस्थिति काफी कम हो गई है। उन्होंने कहा कि इस बारे में बेहतर जवाब राघव चड्ढा खुद दे सकते हैं।


Raghav Chadha : राघव चड्ढा कौन हैं?

राघव चड्ढा AAP के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और प्रवक्ता हैं। वे चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और 2022 में पंजाब से राज्यसभा सांसद चुने गए थे। वे राज्यसभा के सबसे युवा सदस्यों में शामिल हैं। दिसंबर 2023 में, जब संजय सिंह जेल में थे, तब राघव चड्ढा को पार्टी का राज्यसभा लीडर नियुक्त किया गया था। उन्होंने संसद में बच्चों की शिक्षा की बढ़ती लागत, कॉर्पोरेट फ्रॉड और ‘राइट टू रिकॉल’ जैसे मुद्दे उठाए थे।


Raghav Chadha : डॉ. अशोक कुमार मित्तल कौन हैं?

डॉ. अशोक कुमार मित्तल पंजाब के जालंधर से ताल्लुक रखते हैं। वे लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के फाउंडर चांसलर हैं। व्यवसायी से राजनेता बने मित्तल ने 2022 में पंजाब से AAP टिकट पर राज्यसभा का चुनाव जीता था। वे शिक्षा क्षेत्र में अपनी पहचान रखते हैं और कानून की डिग्री गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से प्राप्त की है। वे AAP के सक्रिय सांसद रहे हैं और सदन में स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखते आए हैं।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us