Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

PM Modi Malaysia Visit : मलेशिया में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान: UPI सेवा और नया कॉन्सुलेट, भारतीय समुदाय को दी बड़ी सौगात

PM Modi Malaysia Visit : मलेशिया में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान: UPI सेवा और नया कॉन्सुलेट, भारतीय समुदाय को दी बड़ी सौगात
X

कुआलालंपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी 2026 की पहली विदेश यात्रा के तहत शनिवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे और यहां भारतीय समुदाय के सामने भाषण दिया। इस अवसर पर उन्होंने मलेशिया में जल्द ही यूपीआई (UPI) सेवा शुरू करने और कुआलालंपुर में नया भारतीय कॉन्सुलेट खोलने की घोषणा की। पीएम मोदी ने इसे भारतीय प्रवासियों के लिए बड़ी सौगात करार दिया।

सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव

पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए उन्हें भारत-मलेशिया के बीच का ‘जीता-जागता पुल’ बताया। उन्होंने कहा कि मलेशिया में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी इंडियन ओरिजिन कम्युनिटी रहती है। पीएम ने दोनों देशों की सांस्कृतिक समानताओं का जिक्र करते हुए कहा कि रोटी कैनाई और मालाबार परोट्टा, नारियल और मसालों का स्वाद, भाषा और शब्दावली में साझा तत्व हमारी गहरी दोस्ती का प्रतीक हैं।

पीएम अनवर इब्राहिम का उल्लेख

मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की संगीत रुचि का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पीएम इब्राहिम न केवल कुशल नेता हैं बल्कि वे अच्छा गाते भी हैं। भारत में उनके पुराने हिंदी गाने वायरल हुए थे और उन्हें दक्षिण भारतीय फिल्म लेजेंड MGR के तमिल गाने भी पसंद हैं।

इतिहास और प्रवासियों का योगदान

प्रधानमंत्री ने साल 2001 में गुजरात में आए भीषण भूकंप के दौरान मलेशिया के भारतीय समुदाय द्वारा भेजी गई मदद का जिक्र किया और उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की इंडियन नेशनल आर्मी में शामिल पूर्वजों की कुर्बानी को सलाम किया और मलेशिया में ‘नेताजी सर्विस सेंटर’ और ‘नेताजी वेलफेयर फाउंडेशन’ के प्रयासों की सराहना की।

इन्वेस्टमेंट और ट्रेड का ग्लोबल हब

पीएम मोदी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि अब भारत केवल एक बड़ा बाजार नहीं बल्कि इन्वेस्टमेंट और ट्रेड का हब बन चुका है। उन्होंने दुनिया को भारत के विकास में भरोसेमंद साझेदार के रूप में देखने का उल्लेख किया और ब्रिटेन, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ किए गए महत्वपूर्ण व्यापार समझौतों का जिक्र किया। अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने 800 कलाकारों द्वारा दी गई भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति की तारीफ की और इसे आने वाले कई सालों तक याद रहने वाला पल बताया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire