Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Petrol Diesel Price Hike-Reduction: तेल संकट के बीच दुनिया ने दी राहत, भारत में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम; पाकिस्तान ने भी घटाए ईंधन के रेट

Petrol Diesel Price Hike-Reduction: तेल संकट के बीच दुनिया ने दी राहत, भारत में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम; पाकिस्तान ने भी घटाए ईंधन के रेट
X

Petrol Diesel Price Hike-Reduction: नई दिल्ली: मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक तेल संकट के बीच कई देशों ने अपनी जनता को राहत देने के लिए ईंधन पर टैक्स कम किए हैं या सब्सिडी दी है। वहीं भारत में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी होने से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। इसी बीच पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में 5 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की कटौती कर राहत देने का फैसला लिया है। नई कीमतें आज 16 मई 2026 से लागू हो चुकी हैं।

इन देशों ने टैक्स घटाकर दी जनता को राहत

वैश्विक तेल संकट के असर को कम करने के लिए ऑस्ट्रेलिया ने पेट्रोल-डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी तीन महीने के लिए आधी कर दी। जर्मनी ने ऊर्जा कर में कटौती कर उपभोक्ताओं को राहत दी। नेपाल ने पेट्रोल 2 रुपये और डीजल 12 रुपये प्रति लीटर सस्ता किया, जबकि ब्रिटेन ने फ्यूल ड्यूटी में राहत और बिजली बिल सहायता योजना जारी रखी।

भारत में बढ़ी ईंधन की कीमतें

दूसरी ओर भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई है। सीएनजी भी लगभग 2 रुपये प्रति किलो महंगी हुई है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल करीब 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि मुंबई में पेट्रोल 106 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है। महंगे ईंधन का असर परिवहन, सब्जी, दूध, किराना और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ रहा है।

पाकिस्तान में क्या हैं नए दाम?

कटौती के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 409.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीजल 409.58 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है। भारतीय मुद्रा में यह लगभग 140 से 141 रुपये प्रति लीटर बैठती है। यानी राहत के बावजूद पाकिस्तान में ईंधन भारत से महंगा है।

हर हफ्ते क्यों बदल रहे हैं दाम?

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है। खासकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अस्थिरता से दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल और गैस सप्लाई प्रभावित हुई है। इसी वजह से पाकिस्तान समेत कई देश हर हफ्ते ईंधन कीमतों की समीक्षा कर रहे हैं।

पड़ोसी देशों में ईंधन की स्थिति

नेपाल में पेट्रोल लगभग 134 रुपये और डीजल 139 रुपये प्रति लीटर है। बांग्लादेश में पेट्रोल करीब 109 रुपये और डीजल 90 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में डीजल करीब 137 रुपये प्रति लीटर पहुंच चुका है। वहीं भूटान में पेट्रोल और डीजल की कीमतें भारत के लगभग बराबर हैं।

वैश्विक बाजार का सीधा असर

विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, आयात लागत, टैक्स और सब्सिडी नीतियां ईंधन की कीमतों को प्रभावित कर रही हैं। यही कारण है कि भारत, पाकिस्तान और अन्य एशियाई देशों में समय-समय पर ईंधन दरों में बदलाव देखने को मिल रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire