सप्ताह में 90 घंटे काम और पत्नी को घूरने वाले L&T के चेयरमैन के बयान पर बिफरे लोग, अब कंपनी ने दी सफाई
नई दिल्ली: एलएंडटी (लार्सन एंड टूब्रो) के चेयरमैन एसएन सुब्रमण्यन की ओर से कर्मचारियों को सप्ताह में 90 घंटे काम करने की सलाह पर विवाद गहरा गया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश में यह सुझाव दिया था कि कर्मचारी रविवार को छुट्टी न लें और घर पर समय बर्बाद न करें। उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सिलसिला शुरू हो गया।
कंपनी ने इस विवाद के बीच अपना बयान जारी करते हुए कहा कि चेयरमैन की टिप्पणी का उद्देश्य केवल यह था कि असाधारण परिणामों के लिए असाधारण प्रयास की आवश्यकता होती है। एलएंडटी ने आगे कहा, "हम पिछले 8 दशकों से भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी विकास में सक्रिय रूप से शामिल हैं और यह समय है जब हमें एक विकसित राष्ट्र बनने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।"
कंपनी ने यह भी बताया कि उनका उद्देश्य केवल कर्मचारियों को प्रेरित करना था और यह बयान किसी भी तरह से उन्हें असहज करने के लिए नहीं था। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणियों की आलोचना की गई, और कुछ ने इसे भारत के युवा वर्ग के लिए अनुशासन की कमी और अत्यधिक काम के घंटों की एक और बढ़ती प्रवृत्ति के रूप में देखा।
क्या था सुब्रमण्यन का बयान
सुब्रमण्यन ने कहा था कि कर्मचारियों को हफ्ते में 90 घंटे काम करना चाहिए और रविवार को भी छुट्टी नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से पूछा, "आप अपनी पत्नी को कितनी देर तक घूर सकते हैं?" उन्होंने कर्मचारियों से घर पर कम और कार्यालय में ज्यादा समय बिताने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुझे खेद है कि मैं आपको रविवार को काम करने के लिए बाध्य नहीं कर सकता। अगर मैं आपको रविवार को काम करने के लिए बाध्य कर सकूं, तो मुझे ज्यादा खुशी होगी, क्योंकि मैं रविवार को काम करता हूं।" सुब्रमण्यन ने आगे सवाल किया कि घर पर रहने के दौरान कर्मचारी क्या करते हैं। उन्होंने पूछा, "आप घर पर बैठकर क्या करते हैं? आप अपनी पत्नी को कितनी देर तक घूर सकते हैं?" तो फिर चलो चलो, दफ्तर आओ और काम करना शुरू करो।"

