PBKS vs RCB IPL 2026: प्लेऑफ में पहुंची RCB, पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराया

PBKS vs RCB IPL 2026: नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हराया। इस जीत के साथ बेंगलुरु 13 मैचों में 18 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई और प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।
223 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्य को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। पंजाब ने महज 19 रन पर तीन विकेट गंवा दिए।
कूपर कोनोली और सूर्यांश शेडगे ने टीम को संभालने की कोशिश की और दोनों ने 37-37 रन बनाए। बाद में मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने तेज साझेदारी कर मैच में वापसी की उम्मीद जगाई, लेकिन आरसीबी के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। पंजाब की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 199 रन ही बना सकी। लगातार छठी हार के बाद पंजाब की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।


