BPSSC ASI Recruitment 2026: बिहार पुलिस ASI भर्ती परीक्षा स्थगित, नई तारीख बाद में होगी घोषित, जानें कारण
BPSSC ASI Recruitment 2026

BPSSC ASI Recruitment 2026: पटना। बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (BPSSC) ने बिहार पुलिस रेडियो (वायरलेस) में सहायक अवर निरीक्षक (तकनीकी) भर्ती के लिए 5 अगस्त 2026 को प्रस्तावित प्रारंभिक लिखित परीक्षा स्थगित कर दी है। आयोग ने बताया कि कुछ अपरिहार्य कारणों से परीक्षा को फिलहाल टाल दिया गया है। नई परीक्षा तिथि जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से BPSSC की वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें।
22 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 22 रिक्त पद भरे जाएंगे। इनमें अनारक्षित वर्ग के 8, ईडब्ल्यूएस के 2, एससी के 3, एसटी का 1, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 4, पिछड़ा वर्ग के 3 और पिछड़ा वर्ग महिला के 1 पद शामिल हैं।
तीन चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में 100 अंकों की प्रारंभिक परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान और तकनीकी विषयों से कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद मुख्य परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सामान्य भाषा ज्ञान और तकनीकी विषय के दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों लिखित परीक्षाओं में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.2 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी।
शारीरिक दक्षता भी होगी अनिवार्य
अंतिम चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें पुरुषों के लिए 1.6 किलोमीटर और महिलाओं के लिए 1 किलोमीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद तथा गोला फेंक शामिल होंगे। इसके अलावा निर्धारित ऊंचाई, सीना (पुरुष) और महिलाओं के न्यूनतम वजन के मानकों को पूरा करना भी अनिवार्य होगा।


