Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Bihar News: बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की बड़ी सौगात, CM सम्राट चौधरी ने 1 करोड़ से ज्यादा लाभुकों को भेजी राशि

बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को बड़ी राहत दी है।

Bihar News: बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की बड़ी सौगात, CM सम्राट चौधरी ने 1 करोड़ से ज्यादा लाभुकों को भेजी राशि
X

Bihar News: पटना। बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को एक अणे मार्ग से एक करोड़ से अधिक लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन की राशि डीबीटी के जरिए हस्तांतरित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजना से जुड़े पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए जरूरी निर्देश भी दिए।

अब हर महीने मिलेंगे 1100 रुपये

राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में बड़ा इजाफा किया है। पहले पात्र लाभुकों को हर महीने 400 रुपये पेंशन मिलती थी, जिसे बढ़ाकर अब 1100 रुपये कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि बढ़ी हुई राशि से बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक मदद मिलेगी।

सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

पेंशन राशि हस्तांतरण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जुड़े किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि जो योग्य लोग अभी तक योजना में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनकी पहचान कर उनका नाम लाभार्थियों की सूची में जोड़ा जाए।

पूर्णिया में 2.5 लाख लाभुकों को मिला लाभ

पूर्णिया जिले में भी सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत करीब 2.5 लाख पेंशनधारियों के खातों में लगभग 32 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। राशि मिलने के बाद लाभुकों ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताई। उनका कहना है कि पेंशन 400 रुपये से बढ़कर 1100 रुपये होने से घरेलू खर्च और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में काफी सहूलियत मिलेगी।

हर महीने मनाया जाता है 'बिहार पेंशन दिवस'

बिहार सरकार हर महीने की 10 तारीख को 'बिहार पेंशन दिवस' के रूप में मनाती है। इसी अवसर पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभुकों को निर्धारित राशि उनके बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है। सरकार का उद्देश्य पेंशन वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए लाभुकों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

बुजुर्गों और जरूरतमंदों को आर्थिक सहारा

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ मुख्य रूप से 60 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को मिलता है। सरकार का मानना है कि पेंशन की बढ़ी हुई राशि इन वर्गों को आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने में मदद करेगी और उनकी दैनिक जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire