Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Bihar News : बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को हाफ-डे, CM सम्राट चौधरी ने 10 नए मॉडल स्कूलों का किया उद्घाटन

Bihar News : बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को हाफ-डे, CM सम्राट चौधरी ने 10 नए मॉडल स्कूलों का किया उद्घाटन
X

मुंगेर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि राज्य के स्कूलों में शनिवार को हाफ-डे रहेगा। इस फैसले के तहत शनिवार को टिफिन ब्रेक के बाद छात्रों की छुट्टी कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह निर्णय राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

लंबे समय से हो रही थी मांग

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के असरगंज में राजकीय डिग्री कॉलेज के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि शनिवार को स्कूलों में आधे दिन की पढ़ाई कराने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र में भी इस मुद्दे को उठाया गया था, जिसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। सीएम के ऐलान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ इस फैसले का स्वागत किया।

सभी प्रखंडों में खोले जाएंगे डिग्री कॉलेज

मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 211 डिग्री कॉलेज शुरू किए जा चुके हैं और असरगंज में खुला कॉलेज प्रदेश का 212वां डिग्री कॉलेज है।उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में सभी बीएड कॉलेजों में भी डिग्री कॉलेज खोलने की योजना पर काम किया जाएगा।

मॉडल स्कूलों का बढ़ाया जाएगा दायरा

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मॉडल स्कूलों की संख्या बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में सरस्वती विद्या निकेतन और मॉडल स्कूलों की शुरुआत की गई है। अब तक 551 स्थानों पर ऐसे स्कूल शुरू हो चुके हैं, जबकि मंगलवार को 10 और नए मॉडल स्कूलों का उद्घाटन किया गया, जिससे इनकी संख्या बढ़कर 561 हो गई है।

गांवों में ही मिलेगी बेहतर शिक्षा और खेल सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए अब दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार गांवों में ही बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था विकसित करने पर काम कर रही है। इसके साथ ही बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में जगह-जगह खेल मैदान और आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।

मुंगेर दौरे पर रहे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने गृह जिले मुंगेर के दौरे पर रहे। उन्होंने तारापुर क्षेत्र पहुंचकर सरस्वती विद्या निकेतन लौना से 10 मॉडल विद्यालयों का रिमोट के जरिए उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों का निरीक्षण किया और शिक्षकों से पढ़ाई के तरीकों की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और बच्चों से संवाद किया।

नए थाना भवन और डिग्री कॉलेज का किया उद्घाटन

इसके बाद मुख्यमंत्री हरपुर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने नए थाना भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने थाने के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। दौरे के अंतिम चरण में असरगंज स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में पठन-पाठन की शुरुआत की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा की।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire