Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Bihar Crime : रिटायर्ड GM की मौत पर सस्पेंस, कार में मिला शव और पास से पिस्टल बरामद

कनपटी के पीछे लगी थी गोली, पुलिस ने हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच शुरू की

Bihar Crime : रिटायर्ड GM की मौत पर सस्पेंस, कार में मिला शव और पास से पिस्टल बरामद
X

Bihar Crime : पटना। राजीव नगर थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी में शनिवार सुबह CCL के सेवानिवृत्त जनरल मैनेजर आलोक कुमार का शव उनकी कार से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वह कार की ड्राइविंग सीट पर मृत मिले और उनके सिर के पीछे गोली लगी थी। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल और खाली कारतूस भी बरामद किया है।

जानकारी के मुताबिक, आलोक कुमार रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर में रहते थे। वह करीब तीन दिन पहले पटना में फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित अपनी बहन के घर आए थे। शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार समेत पूरे घटनास्थल की जांच की।

पुलिस के अनुसार, कार का ड्राइविंग सीट वाला दरवाजा खुला था और खिड़की का शीशा भी नीचे था। आसपास के लोगों से पूछताछ में सुबह करीब 5:30 बजे गोली चलने की आवाज सुनाई देने की बात सामने आई है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने घटना को आत्महत्या की दिशा में भी देखा है, लेकिन मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। ऐसे में पुलिस किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि आलोक कुमार का बेटा विदेश में रहता है। कुछ दिन पहले रांची स्थित उनके घर में चोरी होने की जानकारी भी सामने आई थी। वहीं, उनके जमीन के कारोबार से जुड़े होने की बात भी कही जा रही है। इन सभी जानकारियों को पुलिस जांच के दायरे में रखकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से बरामद पिस्टल, कारतूस और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह और गोली चलने की परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire