Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Bihar Crime : ज्वेलरी लूट के पैसों से खरीदी कार, हथियार सप्लायर और सोना खरीदने वाले ज्वैलर्स समेत 5 गिरफ्तार

Bihar Crime : ज्वेलरी लूट के पैसों से खरीदी कार, हथियार सप्लायर और सोना खरीदने वाले ज्वैलर्स समेत 5 गिरफ्तार
X

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में हुए चर्चित आम्रपाली ज्वैलर्स लूटकांड में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में लाइनर, हथियार सप्लायर और चोरी का सोना खरीदने वाले ज्वैलर्स समेत पांच नए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने लूट के पैसों से एक सेकेंड हैंड कार खरीदी, जिसका इस्तेमाल बाद में शराब तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा रहा था।

ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 50 हजार रुपये की चांदी, एक लोडेड पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो बाइक, एक सेकेंड हैंड कार और 26,540 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

12 जून को हुई थी 70 लाख की लूट

पुलिस के अनुसार, 12 जून को कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित आम्रपाली ज्वैलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने करीब 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने जमीन में छिपाकर रखे करीब 33 लाख रुपये के जेवर, एक पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की थी।

ऐसे रची गई थी लूट की पूरी साजिश

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मिथिलेश कुमार इस लूटकांड का मुख्य लाइनर था, जिसने ज्वैलरी शॉप की रेकी कर पूरी योजना तैयार की। वहीं, अजीत कुमार उर्फ भोला सिंह ने अपराधियों को लॉजिस्टिक और अन्य सहयोग उपलब्ध कराया। हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक देसी पिस्टल और छह कारतूस बरामद हुए।

ज्वैलरी दुकान में गलाया गया लूटा हुआ सोना

जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए सोने को लालगंज के एक ज्वैलर्स की दुकान में गलवाया गया। इसके बाद गले हुए सोने को एक स्टॉकिस्ट को बेच दिया गया। पुलिस ने छापेमारी कर 33.53 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी और नकद राशि जब्त कर ली है।

पुलिस का कहना है कि इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही, लूटे गए शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire