अफरीदी के बयान से भड़के ओवैसी, बोले- 'जोकरों का नाम मत लो', पाकिस्तान को FATF ग्रे लिस्ट में डालने की मांग
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के विवादास्पद बयानों ने भारत में तीखी प्रतिक्रियाओं को जन्म दिया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अफरीदी को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें 'जोकर' करार दिया है। इसके साथ ही, ओवैसी ने पाकिस्तान को फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की 'ग्रे लिस्ट' में दोबारा शामिल करने की जोरदार मांग की है।
ओवैसी का तीखा प्रहार: 'कौन है ये जोकर?'
महाराष्ट्र के परभणी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी से जब एक पत्रकार ने अफरीदी के बयान पर सवाल किया, तो उन्होंने तल्ख अंदाज में जवाब दिया, ''कौन है ये? नाटक है। मेरे सामने क्या जोकरों का नाम ले रहे हो।'' ओवैसी ने अफरीदी के बयानों को बेतुका और आधारहीन बताते हुए कहा कि पाकिस्तान अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भारत पर दोष मढ़ता रहता है। उन्होंने पहलगाम हमले को 'आईएसआईएस जैसा कृत्य' करार देते हुए पाकिस्तान की कड़ी निंदा की।
पाकिस्तान पर FATF की ग्रे लिस्ट की मांग
ओवैसी ने पाकिस्तान को आतंकवाद के पोषण का दोषी ठहराते हुए केंद्र सरकार से कड़े कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, ''सरकार क्या करेगी और क्या नहीं करेगी, यह सरकार को तय करना है। मेरी मांग है कि पाकिस्तान को फिर से एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में डालना चाहिए। यह जरूरी है। पाकिस्तान बहाने से ऐंठे गए पैसे से आतंकवाद को पाल रहा है।'' ओवैसी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान का 'डीप स्टेट' भारत में हिंदू-मुस्लिम विभाजन को भड़काने की कोशिश कर रहा है, और पहलगाम हमला इसी साजिश का हिस्सा है।
अफरीदी ने क्या कहा था?
पाकिस्तानी मीडिया चैनल समा टीवी पर बोलते हुए शाहिद अफरीदी ने भारत और भारतीय सेना पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा, ''हमला हुआ नहीं कि 10 मिनट के अंदर नई दिल्ली ने इस्लामाबाद को इस हमले के लिए जिम्मेदार ठहरा दिया। इस्लाम शांति से रहना सिखाता है। पाकिस्तान इस तरह की हरकतों का समर्थन नहीं करता है। भारत को खुद को दोषी ठहराना चाहिए। वहां अगर पटाखा भी फट जाता है तो आरोप पाकिस्तान पर लगता है।''
अफरीदी ने भारतीय मीडिया पर भी निशाना साधा और कहा, ''हैरानी की बात है कि हमले के एक घंटे के अंदर ही उनका मीडिया बॉलीवुड में बदल गया। हर चीज को बॉलीवुड मत बनाओ। मैं हैरान हो गया, जिस तरह की वो बातें कर रहे थे। मैंने कहा देखो इनकी सोच, ये अपने आप को पढ़े लिखे लोग कहते हैं। हर टीवी चैनल पर पाकिस्तान पर बिना किसी सबूत के इल्जाम लगाए जा रहे थे।'' इतना ही नहीं, अफरीदी यहीं नहीं रुके उन्होंने फिर मीडिया से बात करते हुए भारतीय सेना को लेकर भी बेतुके और बेबुनियाद बयान दिए।
22 अप्रैल को हुआ पहलगाम हमला
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरण वैली में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। हमलावरों ने कथित तौर पर पर्यटकों की धार्मिक पहचान पूछकर उन्हें निशाना बनाया, जिसे ओवैसी ने 'आईएसआईएस जैसी मानसिकता' बताया। इस हमले ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है। भारत ने इसके जवाब में कई कूटनीतिक कदम उठाए, जिनमें इंडस वाटर ट्रीटी को निलंबित करना और पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा रद्द करना शामिल है।

