Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Online Betting : म्यूल अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़: ऑनलाइन सट्टे के काले कारोबार में 3 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 81 ATM कार्ड बरामद

इनके पास से भारी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद हुए हैं।

Online Betting : म्यूल अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़: ऑनलाइन सट्टे के काले कारोबार में 3 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 81 ATM कार्ड बरामद
X

Online Betting : दुर्ग। जिले में पुलिस ने ऑनलाइन जुआ और सट्टे के एक बड़े म्यूल अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। खुर्सीपार थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में 3 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से भारी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद हुए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 81 एटीएम कार्ड, 62 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एक लैपटॉप और हार्ड डिस्क समेत करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है। यह पूरा नेटवर्क ऑनलाइन सट्टा संचालन और अवैध वित्तीय लेन-देन में इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आईटीआई खेल मैदान के पास कुछ युवक लैपटॉप और मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर मौके से तीनों आरोपी अजय मिश्रा 23 वर्ष निवासी भिलाई, दीपक कुमार 32 वर्ष निवासी ग्राम नगदोई बिहार व करण कुमार सिंह 26 वर्ष निवासी खुर्सीपार भिलाई को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी गरीब और जरूरतमंद लोगों को पैसे का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। बाद में उन खातों का नियंत्रण अपने पास रखकर उन्हें म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करते थे। इन्हीं खातों के जरिए ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स से जुड़ी अवैध रकम का लेन-देन किया जाता था, ताकि असली स्रोत को छिपाया जा सके।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी “अन्ना रेड्डी” नामक ऑनलाइन बेटिंग एप्लीकेशन के जरिए सट्टा संचालन कर रहे थे। आईपीएल सीजन के दौरान यह नेटवर्क झारखंड के रांची से भी ऑपरेट किया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में फैला हुआ नेटवर्क हो सकता है।

बरामद डिजिटल उपकरणों और बैंकिंग डाटा की फॉरेंसिक जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ खुर्सीपार थाना में BNS और छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire