Begin typing your search above and press enter to search.
पूर्व जेडीयू नेता के घर पर NIA की छापेमारी, मंगाई गयी नोट गिनने वाली मशीन

गया। बिहार के गया जिले में गुरुवार की सुबह पूर्व जेडीयू नेता और पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के घर पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने छापेमारी की। एनआईए की टीम ने उनके गया स्थित एपी कॉलोनी आवास पर छापेमारी की कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान नकदी गिनने की मशीन भी मंगाई गई, जिससे कार्रवाई के महत्व को देखते हुए कई अटकलें लगाई जा रही हैं।
यह छापेमारी नक्सली गतिविधियों से जुड़े एक मामले में की गई है, जिसे पहले 7 अगस्त, 2023 को दर्ज किया गया था और 26 सितंबर, 2023 को एनआईए ने फिर से पंजीकृत किया था। एनआईए की टीम बिहार के पांच अलग-अलग स्थानों पर नक्सली गतिविधियों से संबंधित तलाशी कर रही है, जिसमें गया का यह स्थान भी शामिल है।
छापेमारी के दौरान घर के बाहर भारी पुलिस बल और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान तैनात थे। किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं थी। चार घंटे से अधिक समय तक चली इस छापेमारी के बाद और जानकारी सामने आने की संभावना है।
मनोरमा देवी के पति बिंदेश्वरी यादव, जिनका अब निधन हो चूका हैं, पर नक्सली गतिविधियों में शामिल होने का आरोप था और उन्हें गोला-बारूद की आपूर्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा, मनोरमा देवी का बेटा रॉकी यादव एक हाई-प्रोफाइल रोड रेज मामले में मुख्य आरोपी था, लेकिन बाद में सबूतों के अभाव में उसे अदालत ने बरी कर दिया था।
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019


