Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Thailand School Shooting : 9वीं के छात्र ने स्कूल में बरसाईं गोलियां, 6 की मौत, घर में दादा-दादी की भी हत्या

बैंकॉक के पास स्कूल में हुई सनसनीखेज फायरिंग से मचा हड़कंप, 3 शिक्षक और 3 छात्रों की मौत; 15 घायल, आरोपी छात्र भी अस्पताल में भर्ती.

Thailand School Shooting : 9वीं के छात्र ने स्कूल में बरसाईं गोलियां, 6 की मौत, घर में दादा-दादी की भी हत्या
X

Thailand School Shooting : बैंकॉक/नोंथाबुरी। थाईलैंड में शुक्रवार को स्कूल के भीतर हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया। बैंकॉक के पास नोंथाबुरी प्रांत के डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में 9वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। हमले में 3 शिक्षकों और 3 छात्रों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र स्कूल जाने से पहले अपने घर में अपने दादा और दादी को गोली मार चुका था। पुलिस ने बाद में दोनों के शव बरामद किए। बताया जा रहा है कि फायरिंग में इस्तेमाल 9 एमएम पिस्टल आरोपी के दादा की थी, जो पेशे से शिक्षक थे।

स्कूल परिसर में अचानक गोलियां चलने से छात्रों और शिक्षकों में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए क्लासरूम के भीतर छिप गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल पहुंची और सुरक्षा अभियान चलाकर छात्रों को एक-एक कर बाहर निकाला।

वारदात के बाद आरोपी छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उससे जुड़ी परिस्थितियों और घटना के पूरे क्रम की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आखिर इस खौफनाक वारदात को क्यों अंजाम दिया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही हैं।

घटना पर थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने दुख जताते हुए घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire