Sonia Gandhi: Belonging A Journey of Love: वह पल मैं कभी नहीं भूल सकती...: राजनीति से दूर सोनिया गांधी ने X पर किया डेब्यू, राजीव गांधी से पहली मुलाकात का साझा किया जिंदगी का सबसे खूबसूरत किस्सा
Sonia Gandhi: Belonging A Journey of Love: कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी ने X (ट्विटर) पर किया डेब्यू। अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के जरिए राजीव गांधी से पहली मुलाकात और इंग्लैंड के दिनों को किया याद।

नई दिल्ली। Sonia Gandhi News: कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने एक्स पर डेब्यू किया है। इसमें उन्होंने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की झलक दिखाई। वीडियो पोस्ट में उन्होंने अपने पति और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ पहली मुलाकात को याद किया।
उन्होंने बताया कि कैसे वे इंग्लैंड में एक ग्रीक रेस्टोरेंट में मिले थे, जब वे दोनों छात्र थे। इंग्लैंड में इटैलियन खाने की तलाश को याद करते हुए, सोनिया गांधी ने बताया कि उन्हें एक ऐसा ग्रीक रेस्टोरेंट मिला, जहां यूरोपीय और भारतीय छात्र अक्सर आते थे। वहीं उनकी पहली मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी।
सोनिया गांधी ने कहा, “फिर हमें यह जगह मिल गई। यह एक ग्रीक रेस्टोरेंट था, जहां कई छात्र- खासकर यूरोपीय और भारतीय छात्र – खाना खाने आते थे।” उन्होंने आगे कहा, “और उसी रेस्टोरेंट में मेरी मुलाकात राजीव से हुई। जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो मुझे तुरंत महसूस हुआ कि वे ऐसे इंसान हैं, जिनके साथ मैं रहना चाहूंगी और बाद में मुझे पता चला कि उनके मन में भी यही बात थी।”
उन्होंने बताया कि एक कॉमन दोस्त ने उनका परिचय कराया था, जिसके बाद वे दोस्त बन गए और साथ मिलकर पार्टियों में जाने लगे और घूमने-फिरने लगे। उन्होंने कहा, “मुझे याद है कि जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो एक कॉमन दोस्त ने हमारा परिचय कराया था। फिर हम दोस्त बन गए। हम दोस्तों के साथ पार्टियों में जाते थे, घूमने-फिरने जाते थे। एक बार हम एक वैलेंटाइन पार्टी में भी गए, जहां बहुत सारे छात्र थे।”
राजीव गांधी का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उनके सौम्य स्वभाव ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया। उन्होंने कहा, “वे दिखने में बहुत सौम्य थे। बेशक, वे बहुत हैंडसम भी थे। लेकिन उनका वह सौम्य स्वभाव साफ झलकता था। इसी बात ने मुझे गहराई से प्रभावित किया। इसलिए, उनसे पहली मुलाकात का वह पल मैं कभी नहीं भूल सकती।” सोनिया गांधी ने 25 फरवरी 1968 को राजीव गांधी से शादी की थी।
इससे पहले, गुरुवार को सोनिया गांधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से जुड़ीं और अपना पहला वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी आने वाले संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक दिखाई। सोनिया गांधी ने अपनी पहली इंस्टाग्राम पोस्ट में किताब की पहली झलक साझा करते हुए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, “नमस्ते सभी को, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है; पेश है ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक।” पोस्ट में आगे लिखा है, “यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की कहानी है। मुझे इसे आप सभी के साथ साझा करने का बेसब्री से इंतजार है।”
प्रकाशक अल्फ्रेड ए. नॉफ ने 18 अगस्त को घोषणा की थी कि ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। यह किताब पेंगुइन रैंडम हाउस से जुड़े नॉफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप के तहत प्रकाशित की जाएगी। इटली में जन्मीं सोनिया गांधी 1965 में 19 साल की उम्र में इंग्लैंड के कैंब्रिज में पढ़ाई कर रही थीं जब उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई। दोनों ने 25 फरवरी 1968 को शादी की थी।


