Top
Begin typing your search above and press enter to search.

PM Kisan 24th Installment: इंजजार खत्म, आज किसानों के खाते में आएंगे 2,000 रुपए, जानें किसे मिलेगा लाभ

PM Kisan 24th Installment: पीएम-किसान की 24वीं किस्त से 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को फायदा मिलने का दावा है। जानें किसे मिलेंगे ₹2,000 और किनकी किस्त अटक सकती है।

PM Kisan 24th Installment: इंजजार खत्म, आज किसानों के खाते में आएंगे 2,000 रुपए, जानें किसे मिलेगा लाभ
X

नई दिल्ली/अहमदाबाद। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे करोड़ों किसानों के लिए आज यानी 30 अक्टूबर का दिन अहम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी से आज योजना की अगली किस्त जारी करेंगे। इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से ज्यादा पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में 2,000-2,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।

केंद्र सरकार इस किस्त के लिए 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी करेगी। रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। हालांकि, खाते में पैसा दिखने का समय बैंकिंग प्रक्रिया पर निर्भर करेगा। ऐसे में किसानों को किस्त जारी होने के बाद अपना बैंक खाता और भुगतान स्टेटस चेक करते रहना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर हैं। 30 अक्टूबर को सुबह करीब 9:30 बजे वह बनासकांठा में एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) के कैटल फार्म का दौरा करेंगे।

इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी की जाएगी। इस मौके पर देशभर के करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता का लाभ मिलेगा।

9.34 करोड़ किसानों को मिलेंगे 2,000 रुपये

पीएम-किसान की 24वीं किस्त के तहत 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। केंद्र सरकार इसके लिए 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करेगी। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपये भेजे जाएंगे।

यह भुगतान DBT के जरिए किया जाएगा, जिससे किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में पैसा मिल सके। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, योजना की पहली 23 किस्तों के माध्यम से पात्र किसानों को अब तक 4.47 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की आर्थिक मदद दी जा चुकी है।

हर साल किसानों को मिलते हैं 6,000 रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी। इस योजना के तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

यह रकम एक साथ नहीं, बल्कि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में मिलती है। सामान्य तौर पर हर चार महीने में एक किस्त जारी की जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को खेती और उससे जुड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

किन किसानों को मिलता है PM-किसान योजना का लाभ?

पीएम-किसान योजना का लाभ ऐसे किसान परिवारों को मिलता है, जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन दर्ज है और जो सरकार की निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं।

योजना में किसान परिवार का मतलब पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों से है। राज्य सरकारें और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासन जमीन के रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों के आधार पर लाभार्थियों की पहचान करते हैं।

हालांकि, केवल जमीन का मालिक होना ही योजना का लाभ पाने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसके लिए अन्य शर्तें भी पूरी करनी होती हैं।

इन किसानों को नहीं मिलती किसान सम्मान निधि

सरकार ने योजना के तहत कुछ श्रेणियों को लाभ से बाहर रखा है। इनमें संस्थागत भूमि धारक, संवैधानिक पदों पर रह चुके या वर्तमान में कार्यरत व्यक्ति, मंत्री, सांसद और विधायक जैसे जनप्रतिनिधि शामिल हैं।

इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों के मंत्रालयों, विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों के नियमित अधिकारी-कर्मचारी भी सामान्य तौर पर इस योजना के पात्र नहीं हैं। हालांकि, मल्टी टास्किंग स्टाफ, क्लास IV और ग्रुप D कर्मचारियों को छूट दी गई है।

10,000 रुपये या इससे अधिक मासिक पेंशन पाने वाले पात्र श्रेणी के सेवानिवृत्त पेंशनभोगी, पिछले आकलन वर्ष में आयकर देने वाले व्यक्ति और डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट तथा आर्किटेक्ट जैसे पंजीकृत पेशेवर भी योजना के लाभ से बाहर हैं।

किस्त पाने के लिए e-KYC और जमीन के रिकॉर्ड जरूरी

पीएम-किसान की किस्त बिना रुकावट पाने के लिए लाभार्थियों को अपनी e-KYC पूरी रखनी चाहिए। सरकार ने योजना में पंजीकृत किसानों के लिए e-KYC अनिवार्य की है। इसके अलावा आधार और बैंक खाते की जानकारी सही होना तथा जमीन के रिकॉर्ड का सत्यापन भी जरूरी है।

किसानों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन का मालिकाना हक हासिल करने वाले कुछ मामलों और एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्यों के लाभ लेने के संदिग्ध मामलों में भौतिक सत्यापन पूरा होने तक भुगतान रोका जा सकता है।

ऐसे चेक करें PM-KISAN किस्त का स्टेटस

किसान घर बैठे अपनी किस्त और पात्रता की स्थिति चेक कर सकते हैं।

सबसे पहले पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in/ पर जाएं।

वेबसाइट पर Know Your Status विकल्प खोलें।

मांगी गई जानकारी दर्ज करके आगे बढ़ें।

स्क्रीन पर अपनी पात्रता, भुगतान और किस्त से जुड़ी जानकारी देखें।

अगर e-KYC या दस्तावेजों से जुड़ी कोई कमी दिखाई देती है, तो उसे जल्द ठीक कराएं।

किसान पीएम-किसान मोबाइल ऐप और किसान ई-मित्र चैटबॉट की मदद से भी अपनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire