Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Parandur Airport Cancelled: सीएम विजय का बड़ा फैसला, परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट किया रद्द

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में बड़ा ऐलान करते हुए परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को रद्द करने की घोषणा की।

Parandur Airport Cancelled: सीएम विजय का बड़ा फैसला, परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट किया रद्द
X

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में बड़ा ऐलान करते हुए परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को रद्द करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित एयरपोर्ट से कृषि भूमि, किसानों और आसपास के ग्रामीणों की आजीविका पर बड़ा असर पड़ रहा था। ऐसे में सरकार अब ऐसा वैकल्पिक स्थान तलाशेगी, जहां सामाजिक और पर्यावरणीय नुकसान कम से कम हो।

जनता के विरोध के बीच लिया गया फैसला

परंदूर एयरपोर्ट परियोजना को लेकर लंबे समय से स्थानीय किसानों और ग्रामीणों का विरोध चल रहा था। परियोजना के लिए बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण की योजना थी, जिससे खेती और स्थानीय लोगों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी। मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि उनकी सरकार इस विरोध को नजरअंदाज नहीं करेगी और जनता की सहमति के बिना परियोजना को आगे बढ़ाने का फैसला नहीं लिया जाएगा।

चेन्नई को फिर भी मिलेगा नया एयरपोर्ट

परंदूर परियोजना रद्द होने का मतलब यह नहीं है कि चेन्नई के दूसरे एयरपोर्ट की योजना खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए एयरपोर्ट के लिए वैकल्पिक स्थानों की जांच की जाएगी और तकनीकी व्यवहार्यता, विमानन सुरक्षा, कृषि भूमि तथा स्थानीय आबादी पर प्रभाव जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर जगह तय होगी।

मौजूदा एयरपोर्ट का भी होगा विस्तार

सरकार ने चेन्नई के मौजूदा मीनंबक्कम एयरपोर्ट के विस्तार की भी योजना बताई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ मिलकर नया पांचवां टर्मिनल विकसित करने की तैयारी है। सरकार का लक्ष्य विस्तार के बाद एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता को करीब 5.5 करोड़ तक पहुंचाना है।

विपक्ष ने फैसले पर जताई आपत्ति

मुख्यमंत्री के ऐलान के बाद विपक्ष ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाए। DMK नेता थंगम थेन्नारासु ने कहा कि चेन्नई के लिए दूसरा एयरपोर्ट जरूरी है और विमानन ढांचे का विस्तार राज्य की औद्योगिक और आर्थिक वृद्धि के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक परंदूर परियोजना को रद्द करने से राज्य के विकास पर असर पड़ सकता है।

अब नई साइट पर होगा फोकस

सरकार का कहना है कि चेन्नई की बढ़ती यात्री और औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए दूसरा एयरपोर्ट जरूरी है, लेकिन इसका स्थान ऐसा होना चाहिए जहां किसानों की जमीन, आवासीय क्षेत्रों और स्थानीय आजीविका पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। नई साइट तय करने से पहले विशेषज्ञ टीमें तकनीकी और पर्यावरणीय पहलुओं का अध्ययन करेंगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire