Pahalgam Terror Attack Hashim Musa Killed: पहलगाम आतंकी हमले में शामिल लश्कर आतंकी मूसा को सेना ने भेजा जहन्नुम, सर्च ऑपरेशन जारी
Pahalgam Terror Attack Hashim Musa Killed: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मुठभेड़ के दौरान लश्कर आतंकी हाशिम मूसा मारा गया। उसका नाम 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की जांच में सामने आया था।

जम्मू-कश्मीर। बडगाम जिले में सुरक्षा बलों को आतंकवाद विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी मिलने की खबर है। पलमैदान इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ में पाकिस्तानी लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा को भारतीय सेना ने मार गिराया है। श्रीनगर स्थित चिनार कॉर्प्स ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है।
सुरक्षा बलों के अनुसार, यह अभियान खास खुफिया जानकारी के आधार पर यूसमर्ग इलाके में शुरू किया गया था। तलाशी के दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर जवानों ने चुनौती दी। इसके बाद आतंकवादियों की ओर से गोलीबारी शुरू हुई और मुठभेड़ में हाशिम मूसा मारा गया।
Pahalgam Terror Attack Hashim Musa Killed: युद्ध में इस्तेमाल सामान बरामद
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने हाशिम मूसा का शव और युद्ध में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। आसपास के इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इलाके में कोई अन्य आतंकवादी मौजूद तो नहीं है।
पहलगाम हमले से जुड़ा था नाम
हाशिम मूसा का नाम 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की जांच में सामने आया था। इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी। हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पाकिस्तानी नागरिकों और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों आदिल हुसैन ठोकर, अली भाई और हाशिम मूसा की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए 20 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी। हाशिम मूसा पाकिस्तान की स्पेशल सर्विस ग्रुप में पैरा-कमांडो के तौर पर काम कर चुका था।
NIA दाखिल कर चुकी है चार्जशीट
पहलगाम आतंकी हमले के मामले में NIA पहले ही सात आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। जांच एजेंसी ने पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) को भी मामले में आरोपी बनाया है।
NIA की ओर से दाखिल की गई चार्जशीट 1,597 पन्नों की बताई गई है। इसमें पाकिस्तानी हैंडलर और आतंकी साजिद जट्ट का नाम भी आरोपी के तौर पर शामिल है।
फिलहाल बडगाम के पलमैदान इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। अभियान के दौरान बरामद सामान और अन्य सुरागों की जांच की जा रही है।


