Top
Begin typing your search above and press enter to search.

सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव: अब प्रार्थना सभा में रोज 15 मिनट होगी पीटी, फिटनेस पर रहेगा फोकस, निर्देश जारी

सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव: अब प्रार्थना सभा में रोज 15 मिनट होगी पीटी, फिटनेस पर रहेगा फोकस, निर्देश जारी
X

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की शारीरिक फिटनेस बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने नया फैसला लिया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, शिमला ने सभी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान कम से कम 15 मिनट शारीरिक व्यायाम (पीटी) कराना अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में सभी उप-निदेशकों और स्कूल प्रमुखों को निर्देश जारी किए गए हैं।

व्यायाम के साथ खेल गतिविधियां भी होंगी

विभाग के अनुसार, अब प्रार्थना सभा केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि इसे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास से जोड़ा जाएगा। रोजाना स्ट्रेचिंग, पीटी और हल्की खेल गतिविधियां कराई जाएंगी। जिन स्कूलों में पीईटी या डीपीईटी तैनात हैं, वे इस गतिविधि का संचालन करेंगे। जहां शारीरिक शिक्षक नहीं हैं, वहां अन्य शिक्षक यह जिम्मेदारी निभाएंगे।

अनुशासन और स्वास्थ्य पर रहेगा जोर

शिक्षा विभाग ने प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान के साथ नैतिक और प्रेरणादायक संदेश देने वाली प्रार्थनाएं शामिल करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही हर स्कूल में प्रतिदिन खेल गतिविधि का एक पीरियड और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) का प्रशिक्षण भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग का मानना है कि नियमित व्यायाम से बच्चों की फिटनेस बेहतर होगी, मोटापा और निष्क्रिय जीवनशैली जैसी समस्याएं कम होंगी तथा पढ़ाई में एकाग्रता और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। यह व्यवस्था प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में लागू होगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire