Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

PM मोदी पर टिप्पणी का मामला: नाबालिग लड़की के खिलाफ अभी नियमित FIR नहीं, दिल्ली पुलिस जांच में जुटी

PM मोदी

PM मोदी पर टिप्पणी का मामला: नाबालिग लड़की के खिलाफ अभी नियमित FIR नहीं, दिल्ली पुलिस जांच में जुटी
X

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के मामले में दिल्ली पुलिस ने अभी तक नियमित एफआईआर दर्ज नहीं की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नोएडा से आई जीरो एफआईआर पर कानूनी प्रक्रिया जारी है। लड़की के नाबालिग होने के दावे और अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।

नोएडा से भेजी गई थी जीरो FIR

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पिछले सप्ताह नोएडा पुलिस ने यह मामला जीरो एफआईआर के रूप में दिल्ली भेजा था। हालांकि, इसे अभी तक नियमित एफआईआर में तब्दील नहीं किया गया है। ऐसे में फिलहाल एफआईआर वापस लेने का सवाल भी नहीं उठता। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही अगला निर्णय लिया जाएगा।

PM मोदी ने दिया था माफी का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो संदेश में कहा था कि प्रदर्शन के दौरान उनके और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ लगाए गए नारे दुखद थे, लेकिन युवाओं को अपनी गलती सुधारने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सजा के बजाय मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच पर जोर दिया।

लड़की ने मांगी माफी, मां ने जताया आभार

इसके बाद 15 वर्षीय लड़की ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि वह दूसरों के बहकावे में आ गई थी। वहीं, उसकी मां ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने क्षमा का रास्ता अपनाकर उनकी बेटी को नई शुरुआत का मौका दिया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

23 जुलाई के प्रदर्शन के बाद 29 जुलाई को नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की जांच फिलहाल दिल्ली पुलिस कर रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire