Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Air India Flight Turbulence: पायलट के डोप टेस्ट में पॉजिटिव होने का दावा, एयरलाइन बोली- रिपोर्ट नहीं मिली, टर्बुलेंस में फंसा था एअर इंडिया का विमान

एयरलाइन DGCA के दिशा-निर्देशों के अनुसार अपने क्रू सदस्यों का नियमित ड्रग टेस्ट कराती है।

Air India Flight Turbulence: पायलट के डोप टेस्ट में पॉजिटिव होने का दावा, एयरलाइन बोली- रिपोर्ट नहीं मिली, टर्बुलेंस में फंसा था एअर इंडिया का विमान
X

Air India Flight Turbulence: नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस के दौरान 17 यात्रियों के घायल होने के मामले में नया दावा सामने आया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि विमान के दो पायलटों में से एक डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है। हालांकि, एयर इंडिया ने कहा है कि उसे टेस्ट की रिपोर्ट अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है।

एयर इंडिया ने कहा- रिपोर्ट नहीं मिली

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि एयरलाइन DGCA के दिशा-निर्देशों के अनुसार अपने क्रू सदस्यों का नियमित ड्रग टेस्ट कराती है। प्रवक्ता के मुताबिक, 'हमें पता है कि तय नियमों के अनुसार पायलटों का फ़्लाइट के बाद स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया था। हालांकि, टेस्ट के नतीजे एयर इंडिया के साथ शेयर नहीं किए गए हैं, इसलिए हम किसी भी नतीजे पर कोई टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं।'

एयरलाइन ने कहा, 'एयर इंडिया किसी खास फ़्लाइट या ऑपरेशनल घटना से अलग, सिविल एविएशन नियमों के तहत क्रू सदस्यों का रेगुलर ड्रग टेस्ट करती है। हम जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग करना जारी रखेंगे।'

4 अगस्त को हुआ था टर्बुलेंस

फ्लाइट AI2379 ने 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान करीब 4 से 5 मिनट तक तेज टर्बुलेंस हुआ। इस दौरान विमान लगभग 300 फीट नीचे आ गया। हादसे में 17 लोग घायल हुए, जिनमें 4 केबिन क्रू सदस्य भी शामिल थे। विमान में 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे।

रिपोर्ट पॉजिटिव हुई तो हो सकती है कार्रवाई

घटना के बाद DGCA ने जांच शुरू की। इसी दौरान पायलट के डोप टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थों के लिए पॉजिटिव होने का दावा सामने आया। हालांकि, रिपोर्ट एयर इंडिया को नहीं मिली है। इसलिए फिलहाल टेस्ट का वास्तविक परिणाम स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

क्रू ने यात्रियों की मदद की

नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने टर्बुलेंस के दौरान यात्रियों की मदद करने वाले एयर इंडिया क्रू की सराहना की। उन्होंने कहा कि विमान को करीब एक घंटे और उड़ान भरनी थी, लेकिन क्रू ने यात्रियों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई और बहादुरी का परिचय दिया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire