Mumbai: ब्रिज से 75 फीट नीचे गिरी तेज रफ्तार कार, तीन लोगों की मौत, एक गंभीर
कार पहले सड़क की बाहरी दीवार से टकराई और फिर नीचे जा गिरी।...

Mumbai: मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोटस जेट्टी के पास एक तेज रफ्तार BMW कार डिवाइडर से टकराकर करीब 75 फीट नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना सुबह करीब 5:20 बजे लाला कॉलेज के सामने हुई।
मरीन ड्राइव से जा रहे थे चार छात्र
पुलिस के मुताबिक, चारों छात्र मरीन ड्राइव से कोस्टल रोड के रास्ते जा रहे थे। प्रथम दृष्टया आशंका है कि कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार पहले सड़क की बाहरी दीवार से टकराई और फिर नीचे जा गिरी।
तीन छात्रों की मौत, एक की हालत गंभीर
हादसे के बाद चारों को नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में तीन छात्रों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान सनय गुज्जर (21), आदित्य जकासानिया (19) और धैर्य सेठ (17) के रूप में हुई है। वहीं आदित्य ओसवाल (23) गंभीर रूप से घायल हैं और ट्रॉमा वार्ड में उनका इलाज चल रहा है।
तीनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे
पुलिस के अनुसार, गुज्जर, ओसवाल और सेठ विले पार्ले के एक मैनेजमेंट कॉलेज में BBA के छात्र थे। अहमदाबाद के रहने वाले गुज्जर मुंबई में PG में रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि BMW कार गुज्जर के परिवार की थी। हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
तारदेव पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने दोस्तों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। हादसे की सही वजह पता लगाने के लिए अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पहले भी सामने आया था रेसिंग का मामला
इससे पहले 3 सितंबर को मुंबई पुलिस ने कोस्टल रोड की सुरंग में लग्जरी कारों की रेसिंग का वायरल वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई की थी। वीडियो में तेज रफ्तार कारें खतरनाक तरीके से दौड़ती दिखाई दे रही थीं। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।


