Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Manipur : मणिपुर में फिर हिंसा: नोनी में उग्रवादी गुटों के बीच गोलीबारी, 1 की मौत; थौबल में पेट्रोल पंप पर ग्रेनेड फेंका

पांच को इंफाल के जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती

Manipur : मणिपुर में फिर हिंसा: नोनी में उग्रवादी गुटों के बीच गोलीबारी, 1 की मौत; थौबल में पेट्रोल पंप पर ग्रेनेड फेंका
X

Manipur : इंफाल। मणिपुर के नोनी और थौबल जिले में शनिवार को हिंसा की दो घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी। नोनी जिले के खुमजी इलाके में दो प्रतिद्वंद्वी उग्रवादी गुटों के बीच गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। वहीं, थौबल में एक पेट्रोल पंप पर ग्रेनेड फेंककर धमाका किया गया। हालांकि इसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

ZUF के दो गुटों में हुआ संघर्ष

पुलिस के मुताबिक नोनी में जेलियांगरोंग यूनाइटेड फ्रंट-कामसन (ZUF-K) और जेलियांगरोंग यूनाइटेड फ्रंट-जेंचुई (ZUF-J) के कैडरों के बीच शनिवार तड़के भिड़ंत हुई। दोनों पक्षों में गोलीबारी के दौरान 37 वर्षीय जांगैलिंग गोनमेई की मौत हो गई। छह अन्य घायल हुए हैं। इनमें पांच को इंफाल के जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

जंगल और पहाड़ी इलाके में हुई फायरिंग

घटना खुमजी के आसपास के दुर्गम जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार काफी देर तक गोलीबारी की आवाज सुनाई देती रही। खराब भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सुरक्षा बलों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थौबल में पेट्रोल पंप पर ग्रेनेड हमला

थौबल जिले में शनिवार शाम करीब 6:30 बजे कुछ अज्ञात लोग कार से एक पेट्रोल पंप पहुंचे। उन्होंने परिसर में खड़े तेल टैंकर के पास ग्रेनेड फेंका, जिससे जोरदार धमाका हुआ। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और हमले के मकसद का पता लगाने में जुटी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire