Jaipur Airport Emergency Landing: जयपुर एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की इमरजेंसी लैंडिंग, हाईजैक अलर्ट से हड़कंप
Jaipur Airport Emergency Landing: जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (AI-2030) को हाईजैक अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है।

जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (AI-2030) की अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सुरक्षा एजेंसियों को इस फ्लाइट को लेकर हाईजैक का अलर्ट मिला था, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया।
फ्लाइट विस्तारा एयरलाइंस द्वारा ऑपरेट किया जाता है। विमान को जयपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किए जाने की सूचना मिलते ही तमाम सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी और सुरक्षाकर्मी तुरंत एक्शन मोड में आ गए।
जैसे ही विमान ने जयपुर रनवे पर लैंड किया, सुरक्षा एजेंसियों के विशेष अधिकारी तुरंत प्लेन के अंदर दाखिल हुए और प्रोटोकॉल के तहत सघन जांच शुरू कर दी।
हालांकि, सुरक्षा अलर्ट के बीच विमान में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या खतरे की पुष्टि को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। एजेंसियों द्वारा हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फ्लाइटरडार-24 से मिली जानकारी के मुताबिक, इस फ्लाइट ने मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे जर्मनी के फ्रैंकफर्ट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी।
इसे बुधवार सुबह करीब 4:15 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड करना था, लेकिन संभावित खतरे और हाईजैक इनपुट के चलते इसे रास्ते में ही जयपुर डायवर्ट कर सुरक्षित उतार लिया गया।


