Top
Begin typing your search above and press enter to search.

पंचकूला में KG की बच्ची पर तीसरी कक्षा के छात्र ने किया हमला, ईंट से सिर और चेहरे पर किए कई वार, CCTV फुटेज से सामने आई पूरी घटना

खाली क्लासरूम में ले जाकर पीटा

पंचकूला में KG की बच्ची पर तीसरी कक्षा के छात्र ने किया हमला, ईंट से सिर और चेहरे पर किए कई वार, CCTV फुटेज से सामने आई पूरी घटना
X

हरियाणा: हरियाणा के पंचकूला से एक दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल में 6 साल की KG छात्रा पर तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र ने बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि बच्चे ने बच्ची का सिर बेंच पर पटका, लात-घूंसे मारे और ईंट से सिर व चेहरे पर कई वार किए। करीब 96 सेकेंड तक चली मारपीट की पूरी घटना क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। गंभीर हालत में बच्ची को PGI चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है।

खाली क्लासरूम में ले जाकर पीटा

घटना 28 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे एक ही कमरे में पढ़ते थे। किसी बात पर कहासुनी के बाद बच्ची टॉयलेट की तरफ जा रही थी। आरोप है कि तीसरी कक्षा का छात्र उसे बहाने से पहली मंजिल के खाली क्लासरूम में ले गया। वहां उसने बच्ची को बेंच पर पटका और जमीन पर गिराकर लातों से पीटा। इसके बाद ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए।

छुट्टी के बाद शुरू हुई तलाश

स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची जब तय जगह पर ऑटो में नहीं पहुंची तो ड्राइवर ने उसके पिता को सूचना दी। पिता स्कूल पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी बच्चे ने बताया कि बच्ची ऊपर कमरे में पड़ी है। परिजन उसे अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे PGI रेफर कर दिया गया।

पुलिस और शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

पुलिस ने पिता के बयान दर्ज कर लिए हैं। आरोपी छात्र और उसके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। बच्चे की मानसिक स्थिति का आकलन कराने की बात कही गई है। शिक्षा विभाग ने दो दिन में रिपोर्ट देने के लिए जांच समिति बनाई है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी मुख्यालय स्तर पर कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। बाल अधिकार आयोग ने घटना पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

स्कूलों की में स्टाफ की कमी

घटना के बाद स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता, बच्चों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बच्ची के परिजनों ने स्टाफ की कमी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई कक्षाओं के बच्चों को एक साथ बैठाया जाता था। जांच के बाद ही हमले के कारण और स्कूल की लापरवाही की स्थिति स्पष्ट होगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire