Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Independence Day 2026: लाल किले से देखना है स्वतंत्रता दिवस का जश्न तो ऐसे करें ऑनलाइन टिकट बुक, जानें पूरा प्रोसेस

Independence Day 2026: राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखना चाहते हैं, तो ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। इसके लिए रक्षा मंत्रालय के आमंत्रण पोर्टल के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Independence Day 2026: लाल किले से देखना है स्वतंत्रता दिवस का जश्न तो ऐसे करें ऑनलाइन टिकट बुक, जानें पूरा प्रोसेस
X

Independence Day 2026: नई दिल्ली। देश 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस मौके पर राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य रूप देने की तैयारियां चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। समारोह के दौरान परेड और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस बार लाल किले से 'वंदे मातरम्' की गूंज भी सुनाई देगी।

अगर आप लाल किले से स्वतंत्रता दिवस समारोह को प्रत्यक्ष देखना चाहते हैं, तो ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। इसके लिए रक्षा मंत्रालय के आमंत्रण पोर्टल के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

how-to-book-online-tickets-for-independence-day-2026: ऐसे करें ऑनलाइन टिकट बुक

सबसे पहले रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट aamantran.mod.gov.in पर जाएं। यहां स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए टिकट की उपलब्धता और बुकिंग से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है।

अगर आपने पहले से रजिस्ट्रेशन किया हुआ है, तो मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करके लॉगिन करें। नए यूजर को पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद पहचान पत्र से जुड़ी जानकारी, आईडी नंबर, नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसी जरूरी जानकारियां भरनी होंगी।

बुकिंग के दौरान आधार कार्ड, पासपोर्ट या वोटर आईडी जैसे मान्य पहचान पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। इसके बाद उपलब्ध कैटेगरी के अनुसार टिकट का चयन कर पेमेंट करना होगा। भुगतान और अन्य प्रक्रिया पूरी होने के बाद टिकट बुक हो जाएगा। टिकट डाउनलोड कर उसका प्रिंट अपने पास रखना जरूरी होगा, क्योंकि समारोह स्थल पर प्रवेश के लिए प्रिंटेड टिकट की आवश्यकता पड़ सकती है।

दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए भी कर सकते हैं बुकिंग

अगर आप अपने साथ दोस्तों या रिश्तेदारों को भी समारोह में ले जाना चाहते हैं, तो बुकिंग के दौरान 'अतिथि जोड़ें' विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित व्यक्ति की सरकारी एजेंसी द्वारा जारी पहचान पत्र की जानकारी दर्ज करनी होगी। मोबाइल नंबर पर ओटीपी सत्यापन के बाद आवश्यक विवरण दर्ज कर उनके नाम से टिकट बुक किया जा सकेगा।

तीन कैटेगरी में उपलब्ध हैं टिकट

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए टिकट अलग-अलग श्रेणियों में उपलब्ध हैं। इनमें सामान्य टिकट 20 रुपये, स्टैंडर्ड टिकट 100 रुपये और प्रीमियम टिकट 500 रुपये की बताई गई है। दर्शक अपनी सुविधा और उपलब्ध सीट के अनुसार टिकट का चयन कर सकते हैं।

हालांकि, टिकट बुक करते समय दर्ज की गई जानकारी और पहचान पत्र का विवरण सही होना जरूरी है। पहचान संबंधी जानकारी में गड़बड़ी पाए जाने पर टिकट रद्द किया जा सकता है।

समय का रखें खास ध्यान

समारोह में प्रवेश के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुबह करीब 7:30 बजे ध्वजारोहण करने का कार्यक्रम है। ऐसे में दर्शकों को समय से पहले लाल किले पहुंचकर सुरक्षा जांच और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है। देर से पहुंचने पर प्रवेश में परेशानी हो सकती है।

नोट:- टिकट की कीमत, उपलब्धता, प्रवेश नियम और समारोह का समय बदल सकता है। बुकिंग से पहले रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक आमंत्रण पोर्टल पर नवीनतम जानकारी जरूर जांच लें।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire