Top
Begin typing your search above and press enter to search.

रविवार 27 सितंबर को भी खुले रहेंगे सरकारी बैंक, जानें RBI ने क्यों लिया फैसला

भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को बैंक शाखाएं खोलने की विशेष मंजूरी दी है।

रविवार 27 सितंबर को भी खुले रहेंगे सरकारी बैंक, जानें RBI ने क्यों लिया फैसला
X

मुंबई: 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले आम लोगों के लिए राहत की खबर है। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग की पहल पर 27 सितंबर, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। इसका मकसद हड़ताल से पहले ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका देना है।

लगातार 5 दिन बंद रहने की बन सकती थी स्थिति

26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टी है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक यूनियनों ने हड़ताल का ऐलान किया है। ऐसे में रविवार को बैंक बंद रहने पर बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिन प्रभावित हो सकती थीं। इसी को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को बैंक शाखाएं खोलने की विशेष मंजूरी दी है।

हड़ताल में क्या हैं कर्मचारियों की मांगें

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक काम रोकने का आह्वान किया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 5-डे बैंकिंग, पेंशन अपडेशन, पेंशनरों के लिए समान डीए फॉर्मूला और एनपीएस कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का विकल्प देना शामिल है।

ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग की सलाह

संभावित हड़ताल को देखते हुए बैंकों ने ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, ATM और UPI जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। जरूरी लेनदेन और चेक क्लीयरेंस जैसे काम पहले निपटाने को कहा गया है। 30 सितंबर को अर्धवार्षिक क्लोजिंग होने से हड़ताल का असर बैंकिंग कामकाज पर पड़ सकता है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire