Top
Begin typing your search above and press enter to search.

रियाद एयरपोर्ट पर हूती हमले का दावा: दिल्ली से जा रही एयर इंडिया फ्लाइट रास्ते से लौटी, भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली-रियाद फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी

रियाद एयरपोर्ट पर हूती हमले का दावा: दिल्ली से जा रही एयर इंडिया फ्लाइट रास्ते से लौटी, भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
X

नई दिल्ली: नई दिल्ली से सऊदी अरब की राजधानी रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को हूतियों के हमले की खबर के बाद बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद आने-जाने वाली उड़ानें 10 अक्टूबर तक रोक दी हैं। इंडिगो और अकासा एयर ने भी रियाद की कुछ उड़ानें रद्द की हैं।

रियाद एयरपोर्ट ने जारी किया ट्रैवल अलर्ट

किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 8 अक्टूबर को यात्रियों के लिए ट्रैवल अलर्ट जारी किया। यात्रियों से कहा गया है कि एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि करें। भारतीय दूतावास ने भी एयरपोर्ट के अलर्ट को साझा किया है।

80 मिनट तक नहीं उतरी कोई फ्लाइट

Flight Radar 24 के मुताबिक भारतीय समयानुसार शाम 4:29 बजे तक करीब 80 मिनट से रियाद एयरपोर्ट पर कोई फ्लाइट लैंड नहीं हुई थी। वहीं, करीब 90 मिनट से किसी विमान ने उड़ान भी नहीं भरी थी। हालांकि बाद में एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू होने की जानकारी सामने आई।

हूतियों ने मिसाइल हमले का दावा किया

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है। इससे पहले भी हूती सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों और एयरपोर्ट्स को निशाना बनाने का दावा कर चुके हैं।

भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जरूरत पड़ने पर घर के अंदर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। दूतावास ने संवेदनशील घटनाओं से जुड़े वीडियो या खबरें सोशल मीडिया पर शेयर या रीपोस्ट नहीं करने की अपील की है।

हेल्पलाइन 24 घंटे चालू

दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास की जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। आपात स्थिति में भारतीय नागरिक 24x7 टोल फ्री हेल्पलाइन 8002471234 पर संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire