CJP Protest पर नितिन नवीन का बड़ा बयान, विदेशी ताकतों के इशारे पर देश को अस्थिर करने की कोशिश,कहा.भारत की प्रगति विपक्ष को पच नहीं रही
CJP Protest Nitin Nabin on Rahul Gandhi :नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है।

CJP Protest Nitin Nabin on Rahul Gandhi :नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में शांति और सद्भाव के साथ रह रहे 140 करोड़ लोगों के बीच अस्थिरता पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि इसके पीछे राजनीतिक एजेंडा है और विदेशी ताकतों के इशारे पर ऐसा किया जा रहा है। अर्बन नक्सल मानसिकता के लोग देश को अस्थिर करने में जुटे हैं।
दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के बीच मीडिया से बात करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि आज देश में बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। देश की 140 करोड़ जनता, जो सुख-शांति के साथ भारत के विकास में सहयोग कर रही है, उसे अस्थिर करने की कोशिश हो रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वाले दो समूह हैं। इनमें एक का नेतृत्व 'इंडी गठबंधन' के नेता राहुल गांधी कर रहे हैं, जबकि दूसरे समूह में अरविंद केजरीवाल के सहयोगी सीजेपी के नेता शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि देश की जनता इन समूहों के इरादों को समझ रही है। नितिन नवीन ने कहा कि आज अराजकता की प्रतिस्पर्धा चल रही है कि कौन देश में अधिक अस्थिरता पैदा कर सकता है। आपके ये मंसूबे पूरे नहीं होंगे।
जनता ने नकारा, अब देश को अस्थिर करने का प्रयास
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि जनता ने राहुल गांधी के नेतृत्व वाले 'इंडी' गठबंधन और अरविंद केजरीवाल की पार्टी को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मिली हार को स्वीकार करने और उससे सीखने के बजाय विपक्ष देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि विपक्ष की इन गतिविधियों के पीछे राजनीतिक उद्देश्य हैं और विदेशी ताकतें भी इसमें भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकटों के बावजूद भारत लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष को देश की तरक्की रास नहीं आ रही है।
भारत की प्रगति विपक्ष को पच नहीं रही
नितिन नवीन ने कहा कि भारत आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश की विकास यात्रा को स्वीकार नहीं कर पा रहा है और विदेशी ताकतों के इशारे पर अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में इतनी ताकत है कि देश के राष्ट्रभक्त नागरिक मिलकर ऐसी कोशिशों को नाकाम कर देंगे।
अर्बन नक्सल मानसिकता के लोग देश को अस्थिर करने में जुटे
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को भय के माहौल से बाहर निकालने, आतंकवाद को जड़ से खत्म करने और नक्सलवाद से मुक्ति दिलाने के प्रयास किए गए हैं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि अब भी कुछ लोग 'अर्बन नक्सल' मानसिकता के साथ देश को अस्थिर करने में लगे हैं। नितिन नवीन ने राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और 'इंडी' गठबंधन के नेताओं के बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश का युवा उनके बयानों और भाषा को देख रहा है।
संविधान और लोकतंत्र के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता
नितिन नवीन ने कहा कि भारत का युवा भारतीय संस्कृति, लोकतंत्र और संविधान के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती दे रहा है। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च पदों पर बैठे व्यक्तियों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल जनता स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने विपक्षी नेताओं पर विदेशी ताकतों के साथ गठजोड़ कर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि झूठ के सहारे संविधान और लोकतंत्र के नाम पर जनादेश को चुनौती देना जनता के फैसले का अपमान है।
सरकार सख्ती से निपटेगी, भाजपा कार्यकर्ता भी देगा जवाब
विपक्ष को चेतावनी देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जनता ने जिस नेतृत्व पर विश्वास जताया है, वही देश का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने विपक्ष की लगातार चुनावी हार को उसकी हताशा से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि वह देश को शांति से आगे बढ़ते नहीं देखना चाहता।
नितिन नवीन ने कहा कि देश में तनाव पैदा करने की कोशिशों से भारत सरकार सख्ती से निपटेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर ऐसी गतिविधियों को रोकने का प्रयास करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि देश के भीतर या बाहर सक्रिय ऐसी ताकतों से सख्ती से निपटा जाएगा।


