Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CEC Protest Jantar Mantar: सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन की अनुमति नहीं, दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी, 11 मेट्रो स्टेशन बंद

CEC Protest Jantar Mantar: दिल्ली पुलिस ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो के 11 स्टेशन बंद किए गए।

CEC Protest Jantar Mantar: सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन की अनुमति नहीं, दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी, 11 मेट्रो स्टेशन बंद
X

नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली में गांधी जयंती के दिन मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बाद नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

प्रदर्शन का आह्वान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), राज्यसभा सदस्य मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता प्रशांत भूषण की ओर से किया गया है। प्रदर्शन शुक्रवार सुबह 11 बजे प्रस्तावित था।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने भी कई प्रमुख स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिया है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के मुताबिक, कुल 11 स्टेशनों पर अगले आदेश तक यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी।

इन 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

डीएमआरसी ने बताया कि जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास बंद कर दिया गया है।

हालांकि, कुछ प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को ट्रेन बदलने की सुविधा मिलती रहेगी।

इन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी

डीएमआरसी के अनुसार, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर इंटरचेंज यानी ट्रेन बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

यात्रियों के लिए स्टेशन के प्रवेश और निकास की स्थिति अगले आदेश तक प्रभावित रहेगी।

मतदाता सूची को लेकर प्रदर्शन का ऐलान

इस प्रदर्शन के पीछे मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने के आरोप और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग प्रमुख मुद्दे बताए गए हैं।

आम आदमी पार्टी, आइसा, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) और भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire