Top
Begin typing your search above and press enter to search.

BJP Delhi March SIR: कांग्रेस रैली से पहले कल दिल्ली की सड़कों पर उतरेगी BJP,लोकतंत्र बचाओ.. अराजकता हटाओ मार्च की नितिन नवीन करेंगे अगुवाई

BJP Delhi March SIR: राहुल की 1 नवंबर की मेगा रैली से पहले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में कल चांदनी चौक में बड़ा मार्च निकलेगा।

BJP Delhi March SIR: कांग्रेस रैली से पहले कल दिल्ली की सड़कों पर उतरेगी BJP,लोकतंत्र बचाओ.. अराजकता हटाओ मार्च की नितिन नवीन करेंगे अगुवाई
X

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक पारा हाई हो गया है। एक तरफ जहां कांग्रेस और INDIA गठबंधन 1 नवंबर को रामलीला मैदान में महाैली की तैयारी कर रहा है, वहीं अब बीजेपी ने भी विपक्ष के हर हमले का सड़क पर उतरकर जवाब देने का मास्टरप्लान तैयार कर लिया है।

इसी कड़ी में बुधवार को चांदनी चौक में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ एक विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा, जिसकी अगुवाई खुद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे।

चांदनी चौक में जुटेंगे 15 हजार कार्यकर्ता

चांदनी चौक में आयोजित होने वाले इस भव्य मार्च में बीजेपी के कई बड़े दिग्गज शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, कई सांसद और पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता इस मार्च का हिस्सा बनेंगे।

बुधवार शाम करीब 4 बजे शुरू होने वाले इस पैदल मार्च में 15,000 से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस शक्ति प्रदर्शन के जरिए बीजेपी विपक्ष के SIR वाले नैरेटिव को जोर-शोर से काउंटर करने की पूरी कोशिश कर रही है।

SIR और 'वोट चोरी' पर छिड़ी जंग

बता दें कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ चुके हैं। कांग्रेस और INDIA गठबंधन की पार्टियों का सीधा आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी कर 'वोट चोरी' को बढ़ावा दिया जा रहा है, और उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

दूसरी ओर, बीजेपी का साफ कहना है कि विपक्ष जनता को भ्रमित कर रहा है। इसी गफलत को दूर करने और अपना पक्ष मजबूती से रखने के लिए बीजेपी ने राष्ट्रव्यापी अभियान छेड़ा है, जिसके तहत दिल्ली का यह मार्च बेहद अहम माना जा रहा है।

1 नवंबर को रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की मेगा रैली

बीजेपी के इस आक्रामक मार्च के ठीक कुछ दिनों बाद दिल्ली की राजनीति का केंद्र रामलीला मैदान बनने वाला है। 1 नवंबर को INDIA गठबंधन यहां एक मेगा रैली करने जा रहा है, जिसमें भारी भीड़ जुटाने की तैयारी है।

इस रैली के जरिए विपक्ष न सिर्फ 'वोट चोरी' के मुद्दों को धार देगा, बल्कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर भी बड़ा सियासी दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है।



Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire