Top
Begin typing your search above and press enter to search.

मुर्शिदाबाद में ट्रेन की टक्कर से स्कूल वैन के उड़े परखच्चे, 2 बच्चों समेत 3 की मौत

मुर्शिदाबाद में ट्रेन की टक्कर से स्कूल वैन के उड़े परखच्चे, 2 बच्चों समेत 3 की मौत
X

मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में स्कूल वैन ट्रेन की चपेट में आ गई। (BENGAL SCHOOL VAN TRAIN CRASH) इस भीषण दुर्घटना में दो स्कूली बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए। घायलों का इलाज मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पूर्वी रेलवे के अधिकारियों के अनुसार हादसा सुबह करीब सात बजे हावड़ा मंडल के कर्ण सुवर्ण रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक लेवल क्रॉसिंग पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कूल वैन बच्चों को लेकर रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार गंभीर रूप से घायल बच्चों का इलाज जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

घटनास्थल से सामने आए वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त स्कूल वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। रेलवे ट्रैक के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि रेलवे क्रॉसिंग का गेटमैन नशे की हालत में था और उसने समय पर फाटक बंद नहीं किया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। रेलवे प्रशासन ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए गेटमैन और उसके सुपरवाइजर को निलंबित कर दिया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire