अमृतसर में ड्यूटी पर तैनात ASI की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली; CCTV खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच...

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में शुक्रवार तड़के ड्यूटी पर तैनात पुलिस ASI हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, भगतांवाला अनाज मंडी के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने उन पर फायरिंग की। घटना सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। हरजीत सिंह को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
PCR में तैनात थे हरजीत सिंह
हरजीत सिंह तरनतारन जिले के रहने वाले थे और अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस की PCR में तैनात थे। वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर सबूत जुटाए हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही वारदात के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
परिवार को मिलेगी 2 करोड़ की मदद
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ASI की मौत पर दुख जताया। उन्होंने परिवार को पंजाब सरकार की ओर से एक करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। HDFC बैंक की ओर से भी एक करोड़ रुपए का बीमा भुगतान किया जाएगा। इस तरह परिवार को कुल 2 करोड़ रुपए की सहायता मिलेगी।
DGP ने दी श्रद्धांजलि
DGP गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। ASI हरजीत सिंह को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।


