Top
Begin typing your search above and press enter to search.

अभिजीत दिपके का ऐलान, CJP करेगी कांग्रेस की रैली का समर्थन, 1 नवंबर को दिल्ली में जुटेंगे विपक्षी नेता

रामलीला मैदान में होगी रैली, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग; दिल्ली पुलिस ने रखीं कई शर्तें

अभिजीत दिपके का ऐलान, CJP करेगी कांग्रेस की रैली का समर्थन, 1 नवंबर को दिल्ली में जुटेंगे विपक्षी नेता
X

नई दिल्ली। कांग्रेस की अगुवाई वाले INDIA ब्लॉक की 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली होगी। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी इस रैली को समर्थन दिया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।

SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल

CJP ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र में जनता सरकार चुनती है, न कि सरकार मतदाताओं का चयन करती है। पार्टी ने पात्र मतदाताओं के नाम हटने की आशंका जताते हुए सभी योग्य नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा करने की मांग की है।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

अभिजीत दिपके ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा जरूरी है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चुनाव में वोट चोरी के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग पर सवाल उठा चुके हैं। विपक्ष का कहना है कि इस्तीफे की मांग को लेकर उसका विरोध जारी रहेगा।

रैली के लिए पुलिस की शर्तें

दिल्ली पुलिस ने रैली की अनुमति कई शर्तों के साथ दी है। आयोजन शाम 5 बजे तक खत्म करना होगा और मैदान के बाहर भीड़ जमा नहीं होने दी जाएगी। मैदान में हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाने और पांच स्क्रीन वाला कंट्रोल रूम बनाने की शर्त भी रखी गई है। मंच से भड़काऊ भाषण देने पर रोक रहेगी और रात में किसी को मैदान में रुकने की अनुमति नहीं होगी।

खरगे के आवास पर मॉक पार्लियामेंट

विपक्षी सांसदों को 30 अक्टूबर दोपहर 1 बजे तक दिल्ली पहुंचने के लिए कहा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने की भी योजना है, जिसमें ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग जैसी कार्रवाई का प्रतीकात्मक आयोजन किया जाएगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire