Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MPSC पेपर लीक केस में 4 और गिरफ्तारियां: 2 अभ्यर्थी और 2 बिचौलिए पकड़े गए; अब तक 11 हिरासत में

ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-B परीक्षा से जुड़ा मामला, क्राइम ब्रांच का दावा- आरोपियों ने परीक्षा से पहले प्रश्नों तक पहुंच बनाई

MPSC पेपर लीक केस में 4 और गिरफ्तारियां: 2 अभ्यर्थी और 2 बिचौलिए पकड़े गए; अब तक 11 हिरासत में
X

मुंबई: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-B स्क्रीनिंग परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो परीक्षा अभ्यर्थी साजिद सांडें और विजय किंगर के अलावा दो बिचौलिए संदीप खलाटे और भैरवनाथ कदम शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।

7वीं रैंक वाली अभ्यर्थी भी पकड़ी गई

इससे पहले नंदुरबार की ऋतुजा पाटिल को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने 22 मार्च को परीक्षा दी थी और अस्थायी मेरिट लिस्ट में सातवीं रैंक हासिल की थी। पुलिस का आरोप है कि उन्हें लीक हुआ प्रश्नपत्र मिला था। उन्हें कथित तौर पर 10 सवाल जानबूझकर गलत करने की सलाह दी गई थी, ताकि किसी को शक न हो।

परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र तक पहुंच का आरोप

क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपियों ने परीक्षा से पहले प्रश्नों तक कथित तौर पर पहुंच बनाई थी। इसके बाद अलग सेट तैयार कर उसे अनधिकृत लोगों तक पहुंचाया गया। मामले में गिरफ्तार लोगों में MPSC के तीन अधिकारी भी शामिल हैं।

भर्ती प्रक्रिया रद्द, दोबारा होगी परीक्षा

यह परीक्षा महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के तहत ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-B पदों पर भर्ती के लिए हुई थी। कथित गड़बड़ी की जांच के बाद MPSC ने भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है। आयोग ने अभ्यर्थियों को समान अवसर देने के लिए दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की है।

कई धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षाओं में कदाचार रोकथाम अधिनियम और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार समेत कई आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire