Top
Begin typing your search above and press enter to search.

म्यांमार में भूकंप से मरने वालों की संख्या 2700 पार, 4500 से ज्यादा लोग घायल, भारत का ऑपरेशन ब्रह्मा जारी

म्यांमार में भूकंप से मरने वालों की संख्या 2700 पार, 4500 से ज्यादा लोग घायल, भारत का ऑपरेशन ब्रह्मा जारी
X

म्यांमार: म्यांमार में पिछले सप्ताह आए 7.7 तीव्रता के भीषण भूकंप ने देश को हिलाकर रख दिया है। मंगलवार को स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतकों की संख्या 2,719 तक पहुंच गई है, जबकि 4,521 लोग घायल हैं और 441 लापता बताए जा रहे हैं। सैन्य सरकार के प्रमुख सीनियर जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने राजधानी नेपीता में यह जानकारी दी। कई प्रभावित इलाकों में बचाव टीमें अभी तक नहीं पहुंच पाई हैं, जिसके चलते मृतकों की संख्या में और इजाफे की आशंका जताई जा रही है। मलबे में फंसे लोगों को बचाने की उम्मीद हर गुजरते दिन के साथ कम होती जा रही है।

भूकंप पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए मंगलवार को देशभर में दोपहर 12:51 बजे सायरन बजाए गए और एक मिनट का मौन रखा गया। जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने 31 मार्च से 6 अप्रैल तक राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है, जिसके तहत राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। उन्होंने भूकंप से हुई जानमाल की हानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की। बचाव कार्यों में देरी के कारण स्थिति और गंभीर हो रही है।

Read More: भारत में भी होगी म्यांमार जैसे भूकंप से तबाही, IIT के वैज्ञानिक ने जारी की चेतावनी

भारत का सहायता अभियान: ऑपरेशन ब्रह्मा

भारत ने म्यांमार की मदद के लिए "ऑपरेशन ब्रह्मा" शुरू किया है। सोमवार को 50 टन राहत सामग्री भारतीय नौसेना के जहाजों आईएनएस सतपुड़ा और आईएनएस सावित्री के जरिए यांगून पहुंचाई गई। तीन अन्य जहाज - आईएनएस करमुख, आईएनएस घड़ियाल और एलसीयू-52 - 500 टन से अधिक सहायता सामग्री लेकर रवाना हुए हैं। शुक्रवार को शुरू हुए इस मिशन के तहत शनिवार को 5 सैन्य विमानों से राहत सामग्री, बचाव दल और चिकित्सा उपकरण भेजे गए थे। मंगलवार को भारतीय वायुसेना का सी-130 विमान 15 टन राहत सामग्री लेकर मांडले पहुंचेगा। भारत का यह प्रयास म्यांमार के लिए संकट की घड़ी में बड़ी राहत साबित हो रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire