Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Ujjain: महाकाल मंदिर में कांवड़ियों का हंगामा: बैरिकेड तोड़ गर्भगृह में घुसने की कोशिश, 7 सुरक्षाकर्मी घायल

सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन विवाद

Ujjain: महाकाल मंदिर में कांवड़ियों का हंगामा: बैरिकेड तोड़ गर्भगृह में घुसने की कोशिश, 7 सुरक्षाकर्मी घायल
X

Ujjain: उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार दोपहर कांवड़ियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि नंदी हॉल में प्रवेश की कोशिश कर रहे कांवड़ियों को रोकने पर उन्होंने हंगामा और मारपीट शुरू कर दी। घटना में 7 सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है।

ओंकारेश्वर से नर्मदा जल लेकर पहुंचे थे

बताया गया कि करीब 100 कांवड़िए ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से नर्मदा जल लेकर भगवान महाकाल को चढ़ाने पहुंचे थे। कांवड़ियों के एक समूह ने नंदी हॉल में प्रवेश करने के लिए बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया।

बैरिकेड तोड़े, दानपेटियां भी हटाईं

मंदिर समिति के अनुसार, हंगामे के दौरान नंदी हॉल की बैरिकेडिंग तोड़ी गई। व्यवस्था के लिए लगाए गए बैरिकेड क्षतिग्रस्त किए गए और दानपेटियों को भी इधर-उधर किया गया। इसके बाद कुछ लोगों ने गर्भगृह में अनधिकृत प्रवेश की कोशिश की।

7 सुरक्षाकर्मी घायल

मारपीट में 7 सुरक्षाकर्मी घायल हुए। इनमें दो के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

30 लोगों पर FIR

महाकाल थाना पुलिस ने मंदिर समिति की शिकायत पर 30 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के अनुसार सचिन मराठा नामक व्यक्ति पर नामजद मामला दर्ज किया गया है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है।

मंदिर समिति बोली सख्त कार्रवाई होगी

मंदिर समिति ने कहा कि ऐसी घटनाएं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। समिति ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और दर्शन व्यवस्था के नियमों का पालन करने की अपील की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire