Raisen Murder Case : 48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, भाई को मारने निकले थे आरोपी, पहचान की भूल में की हार्डवेयर कारोबारी की हत्या

Raisen Murder Case : रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में हार्डवेयर व्यापारी राकेश लोधी की हत्या के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि हमलावरों का असली निशाना मृतक का भाई था, लेकिन अंधेरे में पहचान की गलती के कारण आरोपियों ने राकेश लोधी की तलवार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की रात करीब 9:40 बजे राकेश लोधी अपने भाई बबलेश लोधी के साथ सलामतपुर चौराहे स्थित हार्डवेयर दुकान बंद कर बाइक से अपने गांव मेड़की लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर तलवार से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण राकेश लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गोलू उर्फ धीरेन्द्र पाल, बाबू उर्फ प्रिंसराज और एक विधि-विरुद्ध बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने खुलासा किया कि वह मृतक के भाई भगवानदास लोधी की पत्नी से एकतरफा प्रेम करता था। महिला के भगवानदास से विवाह होने के बाद उसने रंजिश पाल ली और उसकी हत्या की साजिश रच डाली। योजना के तहत साथियों के साथ हमला किया गया, लेकिन अंधेरे में पहचान की गलती होने से भगवानदास की जगह राकेश लोधी पर हमला हो गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में गोलू उर्फ धीरेन्द्र पाल (25) और बाबू उर्फ प्रिंसराज (25), निवासी करोंद (भोपाल), सहित एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि इस सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा सांची, सलामतपुर और उमरावगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से संभव हुआ। मामले की विस्तृत विवेचना अभी जारी है।


