Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Omkareshwar Boat Fire: नर्मदा में चलती नाव के इंजन में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी; समय रहते टला बड़ा हादसा

तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार सुबह नर्मदा नदी में एक बड़ा हादसा टल गया। गोमुख घाट के सामने करीब 11 बजे यात्रियों को लेकर जा रही नाव के इंजन में अचानक आग लग गई।

ओंकारेश्वर। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार सुबह नर्मदा नदी में एक बड़ा हादसा टल गया। गोमुख घाट के सामने करीब 11 बजे यात्रियों को लेकर जा रही नाव के इंजन में अचानक आग लग गई। इंजन से लपटें उठती देखकर नाव में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि नाविक की सूझबूझ और समय पर किए गए रेस्क्यू से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इंजन में आग लगते ही यात्रियों को दूसरी नाव में पहुंचाया

जानकारी के मुताबिक, नाव क्रमांक 198 में होंडा कंपनी का पेट्रोल इंजन लगा हुआ था। नर्मदा नदी में नाव चल रही थी, तभी अचानक इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं। आग बढ़ती देख नाविक ने तत्काल यात्रियों को सुरक्षित करने की कोशिश शुरू की और नाव में सवार करीब पांच से छह लोगों को दूसरी नाव में स्थानांतरित कर दिया।

यात्रियों को सुरक्षित दूसरी नाव में पहुंचाए जाने के बाद घटना की जानकारी नगर परिषद के अधिकारियों को दी गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

नगर परिषद ने इंजन किया जब्त

घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारधी ने नाव के इंजन को जब्त कर जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

मामले की जांच की जिम्मेदारी नगर परिषद के आरआई जितेंद्र गोहे को सौंपी गई है। जांच के दौरान इंजन में आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाया जाएगा।

नाव संचालन के सुरक्षा मानकों की भी होगी जांच

प्रशासन यह भी जांच करेगा कि नाव के संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। इंजन की तकनीकी स्थिति, नाव के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

समय रहते यात्रियों को दूसरी नाव में पहुंचाए जाने से नर्मदा नदी में संभावित बड़ा हादसा टल गया। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire