MP : उज्जैन को 172 करोड़ की सौगात, CM मोहन यादव ने विकास कार्यों का किया भूमिपूजन और लोकार्पण
महाकाल महालोक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में 172.87 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। महाकाल महालोक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में 172.87 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अवंतिका नगरी प्राचीन काल से ही गौरवशाली और वैभवशाली रही है। उज्जैन के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और नागरिक भी इसमें अपना योगदान दे रहे हैं।
15 विकास कार्यों की मिली सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में कुल 15 कार्यों का शुभारंभ किया। इनमें 12 कार्यों का भूमिपूजन और 3 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में नगर निगम उज्जैन के कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इनमें गौशाला मार्ग से शिप्रा विहार मार्ग निर्माण, महाकाल लोक क्षेत्र में पार्किंग सुविधा का विकास, श्री महाकाल मंदिर परिसर का विस्तार और क्षिप्रा नदी के घाटों का जीर्णोद्धार जैसे कार्य शामिल हैं।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार अधोसंरचना विकसित की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान उज्जैन दर्शन के लिए 10 नई ई-बस सेवाओं का शुभारंभ भी किया गया। इससे श्रद्धालुओं को शहर के प्रमुख स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
उज्जैन को जल्द मिलेगी मेट्रो की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में विकास को गति देने के लिए सरकार लगातार नए प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्जैन को जल्द ही मेट्रो ट्रेन की सुविधा मिलने वाली है।
उन्होंने बताया कि भोपाल के मास्टर प्लान का ड्राफ्ट जारी किया जा चुका है, वहीं ग्वालियर को नई मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही इंदौर, भोपाल और जबलपुर तक औद्योगिक गलियारा विकसित किया जाएगा, जिससे प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
परिवहन सेवाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से नई बस सेवाएं शुरू की गई हैं। अब यात्री सुविधाओं को बढ़ाते हुए बस सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, जो शहरों के साथ-साथ दूसरे राज्यों तक भी संचालित होंगी।
पुलिस और पर्यटन क्षेत्र में भी विकास कार्य
कार्यक्रम में पुलिस विभाग और पर्यटन विभाग से जुड़े कई प्रोजेक्ट भी शामिल रहे। चिंतामण जवासिया में पुलिस आवास, उन्हेल में थाना भवन और 45 नगरीय वनों के विकास जैसे कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
वहीं लोकार्पित कार्यों में नीलगंगा और उन्हेल में पुलिस आवास एवं थाना भवन तथा बड़नगर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से उज्जैन में बेहतर अधोसंरचना, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।


