Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP : सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा खुलासा : थिनर से बनी शराब पीने से हुई मौतें, 37 आरोपी गिरफ्तार

जांच में सामने आया है कि थिनर और औद्योगिक स्पिरिट का इस्तेमाल कर नकली शराब तैयार की जा रही थी, जिसे ‘सागर गोल्ड’ नाम से बाजार में बेचा जा रहा था।

MP : सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा खुलासा : थिनर से बनी शराब पीने से हुई मौतें, 37 आरोपी गिरफ्तार
X

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि थिनर और औद्योगिक स्पिरिट का इस्तेमाल कर नकली शराब तैयार की जा रही थी, जिसे ‘सागर गोल्ड’ नाम से बाजार में बेचा जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली से मंगाते थे केमिकल, लाइसेंसी शराब की आड़ में चल रहा था कारोबार

पुलिस जांच के मुताबिक गिरोह के सदस्य दिल्ली से औद्योगिक स्पिरिट और थिनर मंगाते थे। इसके बाद नकली शराब तैयार कर उसे असली देशी शराब जैसी पैकिंग में भरकर बिक्री के लिए भेजा जाता था। पुलिस का दावा है कि यह अवैध कारोबार कुछ लाइसेंसी शराब दुकानों की आड़ में चलाया जा रहा था। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में इसी नकली शराब के सेवन से कई लोगों की मौत और कुछ लोगों की आंखों की रोशनी जाने की घटना सामने आई थी।

ग्वालियर और मुरैना में दबिश, नकली शराब बनाने का सामान बरामद

मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने विशेष टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान पुलिस ने ग्वालियर और मुरैना में कार्रवाई करते हुए नकली शराब निर्माण केंद्र का खुलासा किया। कार्रवाई में पुलिस ने शराब की बोतल तैयार करने वाली 4 डाई मशीन, ढक्कन सील करने वाली मशीन, 11 हजार से ज्यादा खाली बोतलें, करीब 900 भरी हुई बोतलें और बड़ी संख्या में कैप्सूल सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

चंदू राजा को बताया गया मुख्य आरोपी

पुलिस जांच में चंदू राजा उर्फ चंद्रभान का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है। पुलिस के अनुसार चंदू लंबे समय से शराब कारोबार से जुड़े लोगों के संपर्क में था और लाइसेंसी दुकानों की आड़ में अवैध शराब का नेटवर्क चला रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि नकली शराब बनाने का तरीका छापरी निवासी शिवराज राजपूत और पिपरिया निवासी रोहित पटेल ने बताया था। इसके बाद मुरैना निवासी दिनेश शिवहरे और उसके साथियों के जरिए शराब तैयार की जाती थी।

52 आरोपी बनाए गए, 37 की गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक 52 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने दिल्ली की एक केमिकल सप्लाई फर्म से जुड़े व्यक्ति अनुपम गिरी को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि केमिकल की सप्लाई इसी नेटवर्क के जरिए की जाती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और गिरोह से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire