MP : पांढुर्णा के विकास में नहीं आएगी कोई बाधा, उद्योग-रोजगार और डेयरी सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा- CM मोहन यादव
जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा की, युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट पर जोर

पांढुर्णा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पांढुर्णा में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश के नए जिलों के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पांढुर्णा के विकास में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने के लिए उद्योगों को प्रोत्साहित करने के साथ कृषि और स्किल डेवलपमेंट से जुड़े कार्यक्रम भी तैयार किए जाएंगे।
उद्योग और रोजगार के नए अवसरों पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांढुर्णा में रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए औद्योगिक गतिविधियों को गति दी जाएगी। इसके साथ ही कृषि आधारित गतिविधियों और युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने पशुपालन और दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ाने की बात कही, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
नए निर्माण कार्यों की लगातार मिल रही मंजूरी
सीएम मोहन यादव ने कहा कि पांढुर्णा जिले में नए निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृतियां लगातार जारी की जा रही हैं। बैठक के दौरान उन्होंने जामसांवली स्थित श्री हनुमान लोक के अगले चरण के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को काम में तेजी लाकर निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित लोकहित परिसर और नवीन कलेक्टर कार्यालय भवन की योजना का भी अवलोकन किया।
112 करोड़ के विकास कार्य पूरे, 248 करोड़ के प्रोजेक्ट निर्माणाधीन
बैठक में अधिकारियों ने जिले में अब तक हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। बताया गया कि पांढुर्णा में करीब 112 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इनमें सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा, सांदीपनि विद्यालय सौंसर, पुलिस कंट्रोल रूम पांढुर्णा और जामसांवली स्थित श्री हनुमान लोक के प्रथम चरण के कार्य शामिल हैं। वहीं जिले में करीब 248 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्य वर्तमान में निर्माणाधीन हैं। इनमें सरकारी कार्यालयों, सड़क, पुल और नल-जल योजनाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
हनुमान लोक के बाद बढ़ी औसत मासिक आय
बैठक में हनुमान लोक से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद यहां की औसत मासिक आय करीब 25 लाख रुपये से बढ़कर 60 लाख रुपये हो गई है। प्रथम चरण में हनुमान लोक की 57 दुकानों की नीलामी से लगभग 11 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। इस राशि का उपयोग मंदिर और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव में किया जा रहा है।
सांदीपनि स्कूल को मिला गोल्ड अवॉर्ड
मुख्यमंत्री ने पांढुर्णा में आयोजित सेवा सेतु अभियान और ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल और प्रदर्शनियों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि सांदीपनी प्राथमिक शाला पांढुर्णा को स्कूल सर्टिफिकेशन योजना के तहत गोल्ड अवॉर्ड मिला है। वहीं सांदीपनि विद्यालय सौंसर में 1,654 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
स्थानीय उत्पादों और महिला समूहों के हुनर की सराहना
मुख्यमंत्री ने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के स्टॉल पर स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार अचार, टोमेटो सॉस और विभिन्न मसालों का अवलोकन किया। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट और टी-लाइट क्राफ्ट समेत अन्य हस्तशिल्प उत्पादों को देखा। उन्होंने महिलाओं के हुनर की सराहना करते हुए स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया।
वन विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने आयुर्वेदिक और औषधीय उत्पादों की जानकारी ली तथा इनके प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग के स्टॉल पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के स्टॉल पर उन्होंने प्राकृतिक खेती से तैयार सब्जियों, अनाज और हल्दी का भी अवलोकन किया।
मेधावी विद्यार्थियों को बांटी स्कूटी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोरडोंगरी की छात्रा श्वेता साबले, विद्यार्थी दीपांशु पराड़कर और सांदीपनी स्कूल की छात्रा दिव्या करबे को स्कूटी प्रदान कर मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभ वितरित किए। खेड़ीकला निवासी तुषार सुभाष काकड़े को ड्रिप इरिगेशन के लिए एक लाख रुपये की अनुदान राशि दी गई। वहीं औजार अनुदान योजना और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, ब्रेल किट, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, बायो रिसोर्स सेंटर और आयुष्मान कार्ड से जुड़े लाभ भी पात्र हितग्राहियों को दिए गए।
वृद्धजनों का सम्मान, बच्चों से किया आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। ‘हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम में उन्होंने बुजुर्गों का शॉल और श्रीफल से सम्मान किया तथा उन्हें फलों की टोकरी भेंट की। मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
इसी तरह ‘हमारे बच्चे, हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को ड्रॉइंग किट, मिठाई और चॉकलेट वितरित कीं और उनसे बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड़, पांढुर्णा विधायक निलेश ऊईके और सौंसर विधायक विजय रेवनाथ चौरे समेत समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में जबलपुर संभाग के आयुक्त धनंजय सिंह, आईजी प्रमोद वर्मा, कलेक्टर नीरज वशिष्ठ, डीआईजी राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


