MP News : जेल का बंदी प्रहरी को पीटकर हथकड़ी समेत हुआ फरार, अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था
भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान सुरक्षा प्रहरी से मारपीट कर भागा बंदी, घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में मचा हड़कंप; तलाश में जुटीं टीमें

MP News : भोपाल। राजधानी भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। जेल का एक बंदी सुरक्षा में तैनात प्रहरी के साथ मारपीट कर हथकड़ी समेत फरार हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक बंदी को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लाया गया था। बताया जा रहा है कि उसे घटना से महज एक दिन पहले ही जेल भेजा गया था। अस्पताल में सुरक्षा के लिए प्रहरी की तैनाती की गई थी। इसी दौरान बंदी ने कथित तौर पर प्रहरी के साथ मारपीट की और हथकड़ी समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। फरार बंदी की तलाश में जेल पुलिस और थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस आसपास के इलाकों में सर्चिंग के साथ संभावित रास्तों और ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। फरार बंदी के परिचितों और संभावित संपर्कों पर भी नजर रखी जा रही है।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फरार बंदी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। जेल पहुंचने के बाद से ही उसके व्यवहार को संदिग्ध बताया जा रहा था। फिलहाल पुलिस फरार बंदी को जल्द पकड़ने के लिए संभावित स्थानों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।


